मुलायम सिंह यादव की जयंती पर CM Yogi और Akhilesh Yadav ने किया नमन

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 22, 2026

समाजवादी पार्टी (सपा) के संस्थापक, पूर्व रक्षा मंत्री और उत्तर प्रदेश के तीन बार मुख्यमंत्री रहे मुलायम सिंह यादव की जयंती पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और सपा प्रमुख अखिलेश यादव समेत कई नेताओं ने उन्हें श्रद्धांजलि दी। योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘पूर्व रक्षा मंत्री, उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री, पद्म विभूषण से सम्मानित मुलायम सिंह यादव की जयंती पर विनम्र श्रद्धांजलि।’’ सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष, उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं मुलायम सिंह यादव के पुत्र अखिलेश यादव ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट साझा करते हुए , ‘‘आज श्रद्धेय नेताजी (मुलायम सिंह यादव) की जयंती पर उन्हें कोटि-कोटि नमन करते हुए हम उनके समाजवादी सिद्धांतों एवं मानवीय-व्यावहारिक मूल्यों को और भी अधिक दृढ़ता के साथ आत्मसात करने मथा जीवन के हर क्षेत्र में सक्रिय करने का संकल्प दोहराते हैं।’’ यादव ने कहा, ‘‘नेताजी से हमने जो सबसे सरल सबक सीखा, वह था- किसी के बुरे वक्त में उसका साथ देना और यदि कोई भी व्यक्ति मदद की उम्मीद लेकर आए तो उसकी यथासंभव सहायता करना। साथ ही एक अच्छी बात यह भी सीखी कि हो सकता है कि कोई किसी वजह या दबाव में आपके खिलाफ हो गया हो, लेकिन हर व्यक्ति हमेशा बुरा नहीं होता इसीलिए जब भी कोई सच्चे मन से और निस्वार्थ भाव से रिश्ते सुधारने के लिए कदम बढ़ाए तो उसकी ओर हाथ बढ़ाने से पीछे मत हटना।’’ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की उत्तर प्रदेश इकाई के अध्यक्ष और केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने भी ‘एक्स’ पर एक पोस्ट साझा कर मुलायम सिंह यादव को श्रद्धांजलि दी।

उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने ‘एक्स’ पर अपने संदेश में कहा, ‘‘समाजवादी पार्टी के संस्थापक एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव की जयंती पर उन्हें शत-शत नमन!’’ उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने भी ‘एक्स’ पर एक पोस्ट साझा कर मुलायम सिंह यादव को उनकी जयंती पर श्रद्धांजलि दी। पाठक ने मुलायम सिंह यादव को श्रद्धांजलि देते हुए कहा, ‘‘हमारी पीढ़ी ने उन्हें धरतीपुत्र और नेताजी के रूप में जाना है। उत्तर प्रदेश की राजनीति में मुलायम सिंह यादव केवल एक राजनेता नहीं, बल्कि एक पूरा राजनीतिक अध्याय हैं।

हिंदी पट्टी के प्रभावशाली नेताओं में शुमार नेताजी ने समाजवादी आंदोलन को मजबूती देने और सामाजिक न्याय की आवाज को बुलंद करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।’’ पाठक ने 2019 में नरेन्द्र मोदी के दोबारा प्रधानमंत्री बनने को लेकर मुलायम सिंह यादव के बयान का अपनी पोस्ट में जिक्र करते हुए कहा, ‘‘नेताजी गैर-कांग्रेसवाद की राजनीतिक विचारधारा से निकले नेता थे। उन्होंने आपातकाल के दौरान लोकतंत्र की रक्षा के लिए यातनाएं सहीं। वह लोकनायक जयप्रकाश नारायण के अनुयायी और डॉ. राम मनोहर लोहिया को अपना आदर्श मानते थे।’’ उन्होंने कहा कि आज यदि गैर-कांग्रेसवाद की राजनीतिक विचारधारा को व्यापक स्तर पर आगे बढ़ाने और लोहिया एवं जयप्रकाश नारायण के सपनों को साकार करने का प्रयास कोई कर रहा है, तो वह प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी है।

पाठक ने सपा के मौजूदा नेतृत्व पर निशाना साधते हुए कहा, ‘‘हालांकि, यह देखकर मन को पीड़ा होती है कि सपा का मौजूदा नेतृत्व नेताजी, जनेश्वर मिश्र, मोहन सिंह और रमाशंकर कौशिक जैसे समाजवादी विचारधारा के पुरोधाओं की परंपरा और राजनीतिक विरासत से दूर होता दिखाई दे रहा है। नेताजी की जयंती जिस गरिमा, वैचारिक प्रतिबद्धता और व्यापक जनभागीदारी के साथ मनाई जानी चाहिए, उसका अभाव दिख रहा है।’’ उन्होंने सवाल किया, ‘‘आखिर ऐसा क्यों है कि आज समाजवादी पार्टी में नेताजी के विचारों, उनके संघर्षों, कार्यक्रमों और वास्तविक समाजवाद की चर्चा भी सीमित होती जा रही है?’’ कांग्रेस की उत्तर प्रदेश इकाई की अध्यक्ष आराधना मिश्रा ‘मोना’ ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि जनसेवा, सामाजिक न्याय और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति मुलायम सिंह का समर्पण सदैव स्मरणीय रहेगा। मुलायम सिंह यादव ने 1992 में समाजवादी पार्टी की स्थापना की।

समाजवादी विचारक और नेता राम मनोहर लोहिया से प्रेरित यादव जमीनी स्तर पर लोगों से अपने गहरे जुड़ाव तथा पिछड़े वर्गों, दमित एवं शोषित तबकों और अल्पसंख्यक समुदायों की आवाज उठाने के लिए जाने जाते थे। मुलायम सिंह यादव का जन्म 22 नवंबर 1939 को इटावा जिले के सैफई गांव में हुआ था। वह 1989 में पहली बार और फिर 1993 तथा 2003 में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री बने।

वह देश के रक्षा मंत्री भी रहे। मुलायम सिंह यादव 1977 में तत्कालीन मुख्यमंत्री राम नरेश यादव के नेतृत्व वाली जनता पार्टी की सरकार में पहली बार मंत्री बने थे। उन्हें सहकारिता आंदोलन को मजबूत करने के लिए भी जाना जाता है।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने 2023 में मुलायम सिंह यादव को मरणोपरांत ‘पद्म विभूषण’ से सम्मानित किया था। उनका 10 अक्टूबर 2022 को 82 वर्ष की आयु में निधन हो गया था।

प्रमुख खबरें

फोन की सेटिंग बदलने के बहाने महिला की फोटो गैलरी से चुराई उसकी निजी तस्वीरें, अब ICE की हिरासत में Raghul Anandakrishnan

PNB को ECL लागू होने पर चाहिए 5000 करोड़ का अतिरिक्त प्रावधान, मुनाफे पर नहीं होगा असर

Delhi में आज 22 शादियों से लग सकता है जाम, ट्रैफिक पुलिस ने जारी की एडवाइजरी

Ballia Court ने नाबालिग से कुकर्म के दोषी राम नारायण तिवारी को सुनाई 12 साल कैद