मुंबई: गैस पाइपलाइन में रिसाव से लगी आग, तीन लोग जख्मी

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Mar 09, 2025

मुंबई के अंधेरी इलाके में रविवार को एक गैस पाइपलाइन में रिसाव के बाद आग लगने से तीन लोग जख्मी हो गए। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। अधिकारी ने बताया कि इस घटना में दो वाहन भी क्षतिग्रस्त हो गए।

उन्होंने बताया कि यह ‘लेवल वन’ की आग थी, जिसने वहां से गुजर रही दो गाड़ियों को अपनी चपेट में ले लिया। अधिकारी ने बताया कि दोपहिया वाहन सवार अरविंद कुमार कैथल (21) 30 से 40 प्रतिशत, एक अन्य बाइक सवार अमन हरिशंकर सरोज (22) 40 से 50 प्रतिशत तक और ऑटो रिक्शा चालक सुरेश कैलास गुप्ता (52) 20 प्रतिशत तक झुलस गया।

उन्होंने बताया कि पानी का टैंकर, दमकल गाड़ी आदि को तत्काल घटनास्थल भेजा गया तथा देर रात 1.34 बजे आग पर काबू पा लिया गया। अधिकारी ने बताया कि तीनों व्यक्तियों को इलाज के लिए जोगेश्वरी स्थित बालासाहेब ठाकरे ट्रॉमा केयर सेंटर में भर्ती कराया गया।

उन्होंने बताया कि कैथल और सरोज को हालांकि प्राथमिक उपचार देकर अस्पताल से छुट्टी दे दी गयी। एमजीएल ने बयान में बताया कि कल (शनिवार) रात अनधिकृत और अनियंत्रित खुदाई के दौरान जेसीबी के प्रभाव से गैस पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हो गई, जिस कारण आग लग गई।

दमकल विभाग और एमजीएल की आपात स्थिति टीम ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाई। बयान के मुताबिक, पाइपलाइन की मरम्मत के काम के लिए गैस की आपूर्ति रोक दी गई थी।

बयान में बताया गया, “दुर्भाग्य से, इस घटना में तीन लोग घायल हो गए और उन्हें अस्पताल ले जाया गया।” बयान के मुताबिक, मुंबई अग्निशमन विभाग के सहयोग से स्थिति नियंत्रण में है और सुधार कार्य प्रगति पर है।

बयान में बताया गया कि पुलिस सहित संबंधित अधिकारी इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना के लिए जिम्मेदार लोगों और एजेंसियों का पता लगाने के लिए घटना की जांच कर रहे हैं। बयान के मुताबिक, ऐसी घटनाओं से बचने के लिए, एमजीएल लगातार बृहन्मुंबई नगर निगम (बीएमसी) के साथ समन्वय कर रहा है और निगम के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ चर्चा कर रहा है।

प्रमुख खबरें

Ram Navami पर PM Modi का राष्ट्र के नाम संदेश, प्रभु राम के आशीर्वाद से पूरा होगा Viksit Bharat का संकल्प

Donald Trump का सनसनीखेज दावा, Iran ने दिया था Supreme Leader बनने का Offer!

Bengal में किसकी सरकार? Pre-Poll Survey ने खोला राज, TMC और BJP की सीटों का पूरा गणित

IPL 2026: SRH कप्तान पैट कमिंस ने अपनी वापसी पर दिया बड़ा अपडेट, जानें क्या कहा?