मुंबई ट्रेन विस्फोट: बरी होने के बाद नौ लोग जेल से बाहर

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Jul 23, 2025

मुंबई में जुलाई 2006 में लोकल ट्रेन में हुए बम विस्फोट मामले में उच्च न्यायालय द्वारा बरी किए गए 11 लोगों में से नौ लोगों को महाराष्ट्र की विभिन्न जेलों से रिहा कर दिया गया है, जबकि दो लोगों के खिलाफ अन्य मामले भी लंबित हैं, जिसकी वजह से वे अब भी सलाखों के पीछे हैं। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

यहां एक अधिकारी ने बताया कि नासिक रोड जेल में सजा काट रहा साजिद मगरूब अंसारी उस समय पैरोल पर जेल से बाहर था, जब उच्च न्यायालय ने उसे बरी करने का फैसला सुनाया।

उन्होंने बताया कि मंगलवार सुबह अंसारी जेल अधिकारियों के समक्ष पेश हुआ और औपचारिकताएं पूरी करने के बाद उसे जेल से रिहा कर दिया गया। पुणे के यरवदा केंद्रीय कारागार ने सोमवार को सजा काट रहे दो कैदियों में से एक को रिहा कर दिया।

जेल विभाग ने आरिफ खान बशीर खान को रिहा कर दिया, लेकिन मोहम्मद फैसल रहमान शेख अभी भी जेल में है, क्योंकि उसके खिलाफ एक अन्य मामला लंबित है। एहतेशाम सिद्दीकी और मोहम्मद अली आलम शेख को नागपुर केंद्रीय कारागार से रिहा कर दिया गया। लेकिन एक कैदी, नवीद खान, हत्या के प्रयास के एक मामले में आरोपी होने के कारण जेल में ही रहा।

अधिकारी ने बताया कि विस्फोट मामले में मौत की सजा पाए कमाल अंसारी की कोविड-19 महामारी के दौरान मौत हो गई थी। डॉ. तनवीर अंसारी, सोहेल महमूद शेख, ज़मीर अहमद लतीपुर रहमान शेख और मोहम्मद साजिद मोहम्मद शफी को अमरावती जेल से, जबकि मुजम्मिल अताउर रहमान शेख को नासिक रोड केंद्रीय जेल से रिहा कर दिया गया।

नागपुर से रिहा हुए सिद्दीकी और शेख आज शाम विमान से मुंबई पहुंचे। हवाई अड्डे पर उनके रिश्तेदारों और दोस्तों ने उनका स्वागत किया और उनसे मिलकर भावुक हो गए।

प्रमुख खबरें

शादी के बाद Dating App पर Jackky Bhagnani? वायरल प्रोफाइल देख Rakul Preet Singh के फैंस हैरान!

Prabhasakshi NewsRoom: Swami Prasad Maurya ने भगवान श्रीराम पर की विवादित टिप्पणी, महंत राजू दास भड़के

PM Modi Seychelles 3 Day Visit: Seychelles में PM Modi की अनोखी कूटनीति, 194 साल के कछुए Jonathan से करेंगे खास मुलाकात

Uber-Ola को अब मिलेगी टक्कर! Gujarat में दौड़ेगी Bharat Taxi, Amit Shah करेंगे उद्घाटन