कुरान पर उंगली उठाने वाले वसीम रिजवी के खिलाफ बढ़ा विरोध, मुस्लिम संगठनों ने उठाये सवाल

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Mar 17, 2021

लखनऊ। देश के प्रमुख मुस्लिम संगठनों ने कुरान शरीफ से 26 आयतें हटाने के आग्रह सम्बन्धी याचिका दायर करने वाले उत्तर प्रदेश शिया वक्फ बोर्ड के पूर्व अध्यक्ष वसीम रिजवी के खिलाफ अब तक कोई कार्रवाई नहीं किए जाने पर सवाल उठाए हैं। ऑल इंडिया शिया पर्सनल लॉ बोर्ड ने बृहस्पतिवार को रिजवी के मसले पर एक आपात बैठक बुलाई है, जिसमें इस मामले पर विचार विमर्श कर आगे की रणनीति तय की जाएगी। ऑल इंडिया मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड के वरिष्ठ सदस्य मौलाना खालिद रशीद फिरंगी महली ने वसीम रिजवी के खिलाफ अभी तक कोई भी कार्रवाई नहीं होने पर सवाल उठाते हुए बुधवार को कहा आखिर रिजवी को किसका संरक्षण हासिल है? उन्होंने कहा कि रिजवी ने कुरान शरीफ पर उंगली उठा कर सारी हदें पार कर दी हैं।

इसे भी पढ़ें: फ्लाइट में महिला ने दिया बच्ची को जन्म, क्रू मेंबर्स की मदद से हुई डिलिवरी

रिजवी के छोटे भाई जहीर रिजवी का एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें वह कह रहे हैं वसीम रिजवी से न तो मेरा, न मेरी मां का, न भाई और न ही बहन का कोई ताल्लुक है। कोई भी उनसे सम्बन्ध नहीं रखना चाहता। वह पागल हो गये हैं। उन्हें दीन और इस्लाम से कोई मतलब नहीं है, इसलिये वह इस तरह की बातें बोलते हैं। वह किसी के इशारे पर यह सब बातें कह रहे हैं। कौन उन्हें बहला रहा है, कौन राजनीति कर रहा है, मैं इसमें नहीं पड़ना चाहता। उन्होंने कहा वसीम रिजवी ने गुनाह-ए-कबीरा (महापाप) किया है। बहरहाल, कुरान की हिफाजत तो अल्लाह करेगा। उसमें से एक भी नुक्ता, ज़ेर, ज़बर नहीं हटाया जा सकता है। कुरान पर पहले भी हमले होते रहे हैं, मगर अल्लाह ने हर बार उसकी हिफाजत की है। गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश शिया वक्फ बोर्ड के पूर्व अध्यक्ष वसीम रिजवी ने गत 11 मार्च को उच्चतम न्यायालय में एक याचिका दाखिल कर कहा था कि न्यायालय कुरान की 26 आयतों को हटाने के आदेश दे, क्योंकि उनसे आतंकवाद को बढ़ावा मिलता है। रिजवी के इस कदम की पूरे देश में कड़ी निन्दा की गयी थी। लखनऊ समेत अनेक स्थानों पर विरोध प्रदर्शन किये गये थे। आल इण्डिया मुस्लिम पर्सनल ला बोर्ड, दारुल उलूम देवबंद और शिया पर्सनल ला बोर्ड समेत अनेक मुस्लिम तंजीमों ने रिजवी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर सख्त कार्रवाई की मांग की है। उनके खिलाफ बरेली में मुकदमा भी दर्ज हो चुका है।

प्रमुख खबरें

Tech Sector में फिर बड़ी छंटनी, US की Opendoor ने 250 कर्मचारियों संग India को कहा अलविदा

रिकॉर्ड 6th World Cup खेलेंगे Messi-Ronaldo, Bhaichung Bhutia बोले- इनका दबदबा अब भी कायम

आज रात ईरान पर होगा बहुत बड़ा हमला? ट्रंप की सीधी धमकी, तेल भंडारों पर भी कब्ज़े का ऐलान

Bihar Liquor Ban: Minister ने बुलाई High Level Meeting, शराब माफियाओं पर सख्त एक्शन का आदेश