By अनुराग गुप्ता | Feb 08, 2022
नयी दिल्ली। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर हमला बोला। कांग्रेस नेता कहा कि उन्होंने (प्रधानमंत्री मोदी) मेरे सवालों का जवाब नहीं दिया। हमें चीन और पाकिस्तान के मुद्दे को गंभीरता से लेने की आवश्यकता है। मेरे परदादा ने देशा की सेवा की है। मुझे किसी के भी सर्टिफिकेट की आवश्यकता नहीं है।
उन्होंने कहा कि मैंने सदन 3 बातें कहीं थी लेकिन प्रधानमंत्री ने किसी भी बात पर जवाब नहीं दिया। मैंने पहले कोविड को लेकर भी कहा थी कि कोविड से खतरा है और किसी ने मेरी बात नहीं मानी। मैंने सदन में बोला है कि पाकिस्तान और चीन से खतरा है और इसको गंभीरता से लेना चाहिए। दरअसल, प्रधानमंत्री मोदी ने संसद में कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा।
क्या बोले प्रधानमंत्री मोदी ?
प्रधानमंत्री मोदी ने राज्यसभा में राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा का जवाब देते हुए कांग्रेस पर देश के विकास में रोड़े अटकाने का भी आरोप लगाया। उन्होंने कांग्रेस को आपातकाल, सिख विरोधी दंगों और कश्मीरी पंडितों के पलायन के लिए जिम्मेदार ठहराया और कहा कि लोकतंत्र को सबसे बड़ा खतरा परिवारवादी पार्टियों से है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस एक तरह से शहरी (अर्बन) नक्सलियों के कब्जे में है और वे उसके विचारों एवं विचारधारा को नियंत्रित कर रहे हैं। इसके साथ ही प्रधानमंत्री मोदी ने कांग्रेस को अपना नाम इंडियन नेशनल कांग्रेस से बदलकर फेडरेशन ऑफ कांग्रेस करने का सुझाव दिया।