By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Aug 10, 2026
भुवनेश्वर, नौ अगस्त ओडिशा विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष और बीजू जनता दल (बीजद) के अध्यक्ष नवीन पटनायक ने रविवार को नागरिकों से आदिवासी समाज के पारंपरिक ज्ञान का सम्मान करने और उनकी सांस्कृतिक पहचान की रक्षा के लिए संघर्ष करने का आह्वान किया। इसके साथ ही उन्होंने राज्य के 169 समुदायों को अनुसूचित जनजाति (एसटी) का दर्जा देने की अपनी पुरानी मांग को फिर दोहराया। पटनायक बीजद के राज्य मुख्यालय शंख भवन में विश्व मूलनिवासी दिवस और अगस्त क्रांति दिवस के अवसर पर आयोजित एक विशेष कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि इस कदम से आदिवासी समाज अपनी पवित्र कला, शिल्प, संगीत, परंपराओं और पवित्र स्थलों को सहेजने में खुद सक्षम बना। पटनायक ने याद दिलाया कि उनके मुख्यमंत्रित्व काल में राज्य सरकार ने 169 जनजातीय समुदायों को एसटी सूची में शामिल करने के लिए केंद्र सरकार को आधिकारिक प्रस्ताव भेजा था। उन्होंने कहा कि यह मांग अब तक पूरी नहीं हुई है और आश्वासन दिया कि बीजद इस अधिकार के लिए अपना संघर्ष जारी रखेगी।