By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Aug 10, 2026
हिसार (हरियाणा), नौ अगस्त हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने रविवार को कहा कि विज्ञान, कंप्यूटर और रोबोटिक्स की आधुनिक प्रयोगशालाएं विद्यार्थियों के लिए प्रयोग, शोध और नवाचार के नए अवसर पैदा करेंगी। एक आधिकारिक विज्ञप्ति के अनुसार, हिसार स्थित ओ. पी. जिंदल मॉडर्न स्कूल में नयी शैक्षणिक सुविधाओं के उद्घाटन कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सैनी ने कहा कि ऐसी सुविधाएं विद्यार्थियों को 21वीं सदी की जरूरतों के लिए तैयार करने में मदद करेंगी। उन्होंने स्कूल परिसर में ‘उत्कर्ष प्रशासनिक ब्लॉक, ‘उदय’ एसईएन शाखा, ‘उद्गम’ स्विमिंग पूल और ‘उत्सव’ सभागार का उद्घाटन किया।
उन्होंने कहा कि यह केंद्र विद्यार्थियों की रचनात्मक सोच, टीमवर्क, नेतृत्व क्षमता और समस्या-समाधान कौशल को मजबूत करेगा। सैनी ने कहा कि स्कूल जैसे शैक्षणिक संस्थान युवा पीढ़ी को 21वीं सदी की आवश्यकताओं के लिए तैयार करने और राष्ट्रीय शिक्षा नीति को लागू करने तथा ‘विकसित भारत-विकसित हरियाणा’ के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की दूरदृष्टि के अनुरूप नयी शिक्षा नीति युवाओं को ऐसी शिक्षा उपलब्ध कराएगी, जो उन्हें चरित्रवान, रोजगार योग्य और कुशल बनाएगी।
उन्होंने बताया कि हर मंडल में ‘मॉडल स्कूल ऑफ एक्सीलेंस’ स्थापित किए जा रहे हैं। वहीं, बच्चों को कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई), कोडिंग और डिजिटल कौशल की शिक्षा दी जा रही है। उन्होंने कहा कि कौशल विकास कार्यक्रमों को स्कूलों से जोड़ा जा रहा है तथा उच्च शिक्षा में शोध और नवाचार को बढ़ावा दिया जा रहा है।
इस अवसर पर लोक निर्माण एवं जन स्वास्थ्य मंत्री रणबीर गंगवा और जिंदल समूह की मानद चेयरपर्सन एवं विधायक सावित्री जिंदल सहित अन्य लोग भी मौजूद थे।