Supertech की परियोजनाओं से हटने को तैयार NBCC, Supreme Court में दी दलील

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 16, 2026

कर्ज में डूबी रियल एस्टेट कंपनी सुपरटेक की 16 रुकी हुई आवासीय परियोजनाओं को पूरा करने का जिम्मा संभालने वाली सरकारी कंपनी एनबीसीसी ने सोमवार को उच्चतम न्यायालय से कहा कि अगर घर खरीदार उसकी भागीदारी नहीं चाहते हैं तो वह इससे बाहर होने को तैयार है। इससे पहले, शीर्ष अदालत ने पांच फरवरी को राष्ट्रीय कंपनी विधि अपीलीय न्यायाधिकरण (एनसीएलएटी) के उस आदेश को बरकरार रखा था जिसमें एनबीसीसी को सुपरटेक लिमिटेड की कुल 30 में से 16 आवासीय परियोजनाओं को पूरा करने के लिए कहा गया था। यह मामला सोमवार को प्रधान न्यायाधीश सूर्यकांत और न्यायमूर्ति जॉयमाल्या बागची तथा न्यायमूर्ति वी मोहना की पीठ के समक्ष सुनवाई के लिए आया, जिसने अपना आदेश सुरक्षित रख लिया।

एनबीसीसी की ओर से पेश हुए अटॉर्नी जनरल आर वेंकटरमणी ने पीठ से कहा, ‘‘मैं (एनबीसीसी) इस पूरी कार्यवाही में एक ‘अनचाहा बच्चा’ नहीं बनना चाहता हूं।’’ उन्होंने कहा, परियोजना लागत की आठ प्रतिशत दर सरकार द्वारा तय की गई है और यदि कोई एनबीसीसी को नहीं चाहता है, तो हम बाहर होना चाहेंगे। शीर्ष विधि अधिकारी की यह दलील कुछ घर खरीदारों की ओर से पेश वकील के उस दावे के बाद आई, जिसमें कहा गया था कि एनबीसीसी ने इन परियोजनाओं में कुछ नहीं किया है। वेंकटरमणी ने कहा कि एनबीसीसी एक सार्वजनिक क्षेत्र का उपक्रम है, न कि कोई डेवलपर।

सुनवाई के दौरान शीर्ष अदालत ने कहा कि उसकी चिंता घर खरीदारों को लेकर है और इस बात को लेकर भी है कि इन परियोजनाओं को कौन पूरा करेगा। लगभग छह हजार घर खरीदारों की ओर से पेश वरिष्ठ अधिवक्ता मेनका गुरुस्वामी ने कहा कि एक परियोजना में 16 टावर में अब तक कुछ नहीं किया गया है। पीठ से कोर्ट रिसीवर नियुक्त करने का आग्रह करते हुए उन्होंने कहा कि इनमें से अधिकांश घर खरीदारों ने संपत्ति की लागत का 90 प्रतिशत तक भुगतान कर दिया है लेकिन उन्हें कुछ नहीं मिला है।

शीर्ष अदालत को बताया गया कि दो कंपनियों ने प्रस्ताव दिए हैं और सुपरटेक की रुकी हुई परियोजनाओं को पूरा करने के लिए वे निवेश करने की इच्छुक हैं। पीठ ने पूछा, वे निवेश करेंगी लेकिन इन परियोजनाओं को कौन पूरा करेगा? पीठ ने यह भी स्पष्ट किया कि वह घर खरीदारों पर कोई अतिरिक्त बोझ नहीं डालना चाहती है और कहा, हम उचित आदेश पारित करेंगे।

प्रमुख खबरें

Manila में Modi ने पलटा पूरा गेम, India का Global Power वाला रूप देखकर China परेशान

मुस्लिम और दलित महिलाओं के लिए अलग से आरक्षण होना चाहिए, Women Reservation पर बोले SP विधायक अबू आजमी

Edible Oil Import: भारत का खाद्य तेल आयात खर्च 24% उछलकर 2 लाख करोड़ रुपये हुआ

National Press Day पर वक्ताओं ने मीडिया को सनसनी की बजाय जिम्मेदारी से काम करने का दिया मूलमंत्र