By अंकित सिंह | Mar 30, 2021
तमिलनाडु विधानसभा चुनाव के लिए धारापुरम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने चुनावी जनसभा को संबोधित किया। अपने संबोधन में प्रधानमंत्री मोदी ने DMK और कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि भारत तमिलनाडु की संस्कृति पर बहुत गर्व करता है। मेरे जीवन का सबसे सुखद क्षण था जब मुझे संयुक्त राष्ट्र में दुनिया की सबसे पुरानी भाषा तमिल में कुछ शब्द बोलने का मौका मिला। उन्होंने कहा कि एमजीआर और अम्मा जयललिता जी के आदर्शों से प्रेरित होकर, हम तमिलनाडु के किसानों, गरीबों, युवाओं और महिलाओं को सशक्त बनाना चाहते हैं। हम कनेक्टिविटी को बढ़ावा देना चाहते हैं और यहां अवसर पैदा करना चाहते हैं।
उन्होंने पूछा कि कल पश्चिम बंगाल में एक बुजुर्ग महिला शोवा मजूमदार की जान चली गई। कुछ हफ़्ते पहले हम सबने देखा कि TMC के गुंडों ने क्रूरता से उन पर हमला किया क्योंकि उनकी विचारधारा अलग थी। ये लंबे समय तक समाचारों में रहा लेकिन क्या कांग्रेस ने सहानुभूति जताई? क्या DMK और लेफ्ट ने निंदा की? आज, कांग्रेस और डीएमके ने तमिलनाडु की मुख्यमंत्री की सम्मानित माँ का अपमान किया है। भगवान न करे, अगर वे सत्ता में आते हैं, तो वे तमिलनाडु की कई अन्य महिलाओं का अपमान करेंगे।