By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Jun 14, 2026
दो बार के ओलंपिक पदक विजेता भाला फेंक खिलाड़ी नीरज चोपड़ा का रविवार को राष्ट्रमंडल खेलों के लिए भारतीय एथलेटिक्स टीम में चयन किया गया। यह चयन हालांकि आगामी प्रतियोगिताओं में भारतीय एथलेटिक्स महासंघ (एएफआई) के क्वालीफाइंग मानकों को पूरा करने पर निर्भर रहेगा। महासंघ की चयन समिति की अंतिम बैठक के बाद घोषित 32 सदस्यीय टीम में गुरिंदरवीर सिंह (100 मीटर), अनिमेष कुजुर (200 मीटर), गुलवीर सिंह (5,000 और 10,000 मीटर), तेजस्विन शंकर (डेकाथलॉन और ऊंची कूद), पारुल चौधरी (3,000 मीटर स्टीपलचेज) और पैदल चाल एथलीट प्रियंका भी शामिल हैं।
वह अगर क्वालीफाइंग मानक हासिल करते हैं, तो वह राष्ट्रमंडल खेलों के लिए चयनित रहेंगे।’’ चोपड़ा को टीम में जगह बनाने के लिए एएफआई द्वारा निर्धारित 82.61 मीटर का क्वालीफाइंग मानक हासिल करना होगा। हरियाणा के 28 वर्षीय चोपड़ा इस समय स्विट्जरलैंड के बिएन में 47 दिवसीय ‘ऑफ-सीजन’ (सत्र खत्म होने और नया सत्र शुरू होने के बीच का समय)प्रशिक्षण शिविर में हैं। उनके साथ फिजियोथेरेपिस्ट ईशान मरवाहा और कोच जय चौधरी भी मौजूद हैं। चोपड़ा 2018 राष्ट्रमंडल खेलों में स्वर्ण पदक विजेता है। उनके अलावा रोहित यादव और यशवीर सिंह भी पुरुष भाला फेंक स्पर्धा में हिस्सा लेंगे।
इन दोनों ने शनिवार को लुधियाना में आयोजित भारतीय एथलेटिक्स सीरीज में क्वालीफाइंग मानक हासिल किया था। राष्ट्रमंडल खेलों से पहले प्रदर्शन के आधार पर जिन अन्य खिलाड़ियों का चयन तय होगा, उनमें त्रिकूद खिलाड़ी सेल्वा प्रभु भी शामिल हैं। एएफआई उनकी वर्तमान फॉर्म का आकलन करने के बाद ही अंतिम चयन करेगा। प्रभु को 24 से 28 जून तक भुवनेश्वर में होने वाली अंतर राज्यीय चैंपियनशिप में मजबूत प्रदर्शन करना होगा ताकि उनके चयन की संभावना मजबूत हो सके। अमेरिका में एनसीएए सर्किट में प्रतिस्पर्धा करने वाले इस भारतीय एथलीट ने शुक्रवार को एनसीएए आउटडोर चैंपियनशिप में 16.92 मीटर की छलांग लगाकर खिताब जीता।
सुमरिवाला ने कहा, “सेल्वा पहले ही क्वालीफाई कर चुके हैं, लेकिन चयन के लिए उन्हें लगभग अपने क्वालीफाइंग स्तर के आसपास प्रदर्शन करना होगा।” उन्होंने यह भी कहा कि एनसीएए प्रतियोगिताओं में डोप नियंत्रण की असंगतता के कारण एएफआई इन परिणामों को सीधे तौर पर मान्य नहीं करता।
सुमरिवाला ने कहा, ‘‘हमें उनकी वर्तमान स्थिति स्पष्ट नहीं है। उन्होंने स्वयं अनुरोध किया है कि वह अंतरराज्यीय चैंपियनशिप में भाग लेकर क्वालीफाई करना चाहते हैं। ’’
भारतीय दल-
पुरुष वर्ग: गुरिंदरवीर सिंह (100 मीटर), अनिमेष कुजुर (200 मीटर), चोपड़ा चोपड़ा (क्वालीफाइंग मानक हासिल करने पर), रोहित यादव, यशवीर सिंह (भाला फेंक), लोकेश सत्यनारायण, श्रीशंकर (लंबी कूद), सेल्वा प्रभु (क्वालीफाइंग मानक हासिल करने पर), प्रवीण चित्रवेल (त्रिकूद), समरदीप, तजिंदरपाल (गोला फेंक), तेजस्विन शंकर (डेकाथलॉन, ऊंची कूद), गुलवीर सिंह (5,000 मीटर, 10,000 मीटर), आदर्श राम, सर्वेश कुशारे (ऊंची कूद), विशाल टीके, राजेश रमेश (चार गुणा 400 मीटर मिश्रित रिले), तेजस शिर्से (110 मीटर बाधा दौड़), संतोष टी, यशस पी (400 मीटर बाधा दौड़), देव मीणा, कुलदीप कुमार (पोल वॉल्ट)।
महिला वर्ग: पारुल चौधरी (3,000 मीटर स्टीपलचेज, 5,000 मीटर), सीमा, निधि (चक्का फेंक), पूजा (ऊंची कूद), मनप्रीत कौर (गोला फेंक), रवीना, प्रियंका (10,000 मीटर पैदल चाल), अंसा बाबू, रशदीप कौर, नीरू पाठक (चार गुणा 400 मीटर मिश्रित रिले)।