Nepal Flood के बाद UP के महराजगंज और कुशीनगर में अलर्ट जारी, नदियों की निगरानी बढ़ी

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Aug 26, 2026

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को नेपाल में अचानक आई विनाशकारी बाढ़ पर चिंता जताई और महराजगंज तथा कुशीनगर के जिला प्रशासन को किसी भी संभावित आपात स्थिति से निपटने के लिए सभी जरूरी कदम उठाने का निर्देश दिया। अधिकारियों ने बताया कि नेपाल में आई बाढ़ के कारण महराजगंज और कुशीनगर जिलों में गंडक और नारायणी नदियों के जलस्तर में वृद्धि होने की आशंका है। राज्य सरकार द्वारा जारी एक बयान के अनुसार मुख्यमंत्री ने नेपाल में अचानक आई बाढ़ से हुए नुकसान को गंभीर चिंता का विषय बताया और प्रभावित सभी लोगों की सुरक्षा और भलाई के लिए भगवान पशुपतिनाथ से प्रार्थना की।

आधिकारिक सूत्रों के मुताबिक प्रशासन ने प्रभावित क्षेत्रों में रहने वाले लोगों से नदियों, नालों और जलभराव वाले इलाकों के पास न जाने और केवल आधिकारिक जानकारी पर भरोसा करने की अपील की है, साथ ही बच्चों, बुजुर्गों और मवेशियों को संवेदनशील इलाकों से दूर रखने को कहा है। कुशीनगर से प्राप्त रिपोर्ट के मुताबिक जिला प्रशासन ने मरचाहवा, शिवपुर और अन्य गांवों से लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने का आदेश दिया है और निवासियों से सुरक्षित स्थानों पर जाने का आग्रह करते हुए घोषणाएं की जा रही हैं। जिला प्रशासन के मुताबिक नेपाल में आई बाढ़ की वजह से अगले दो घंटों में कुशीनगर में नारायणी नदी का जलस्तर और बढ़ने की संभावना है।

जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर ने कहा कि नेपाल में भारी बारिश से उत्पन्न स्थिति को देखते हुए सभी संबंधित विभागों को अलर्ट पर रखा गया है। उन्होंने कहा कि खड्डा तहसील में नारायणी नदी के किनारे बाढ़ की आशंका वाले इलाकों में रहने वाले निवासियों को विशेष रूप से सतर्क रहने की सलाह दी गई है। जिलाधिकारी ने कहा कि ग्रामीणों से सुरक्षित और ऊंचे स्थानों पर जाने के लिए तैयार रहने का आग्रह किया गया है क्योंकि नदी का जलस्तर बढ़ने से निचले इलाकों में बाढ़ आ सकती है।

उन्होंने बताया कि खड्डा तहसील के दियारा इलाके में शिवपुर, हरिहरपुर, नारायणपुर, मरचहवा और बसंतपुर गांवों में खास निगरानी रखी जा रही है।

प्रमुख खबरें

Nepal Floods में 95 लोगों की मौत, 133 भारतीय समेत करीब 500 लापता

Instagram पर बढ़ा Teen Safety संकट, US Court में Adam Mosseri ने कबूला Take a Break फीचर का कड़वा सच

Supreme Court 1 सितंबर को UPSC CSE 2025 में OBC क्रीमी लेयर मामले पर सुनवाई करेगा

Delhi में H1N1 के 138 नए मामले मिले, अस्पतालों में बनेंगे फ्लू कॉर्नर और आइसोलेशन वार्ड