Nepal के प्रधानमंत्री देउबा नेपाली कांग्रेस पार्टी के संसदीय दल के नेता चुने गए

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Dec 21, 2022

काठमांडू, नेपाल के प्रधानमंत्री और नेपाली कांग्रेस के अध्यक्ष शेर बहादुर देउबा ने बुधवार को संसदीय दल के नेता पद के लिए हुए चुनाव में जीत दर्ज की। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि देउ‍बा ने अपने निकटकम प्रतिद्वंद्वी एवं पार्टी महासचिव गगन कुमार थापा को 39 मतों से हराया। अधिकारियों के मुताबिक, मतदान में नेपाली कांग्रेस के सभी 89 सांसदों ने हिस्सा लिया। इसमें 76-वर्षीय देउबा को जहां 64 वोट मिले, वहीं 45-वर्षीय थापा को महज 25 मत हासिल हुए।

वहीं, डॉ. शेखर कोइराला ने थापा के नाम का प्रस्ताव किया था, जिसका विश्व प्रकाश शर्मा, प्रदीप पौडेल और धनराज गुरुंग ने समर्थन किया था। ‘माई रिपब्लिका’ अखबार के मुताबिक, मतदान केंद्र में मोबाइल फोन ले जाने की अनुमति दी जानी चाहिए या नहीं, इस पर असहमति के कारण बुधवार को चुनाव में लगभग एक घंटे की देरी हुई। अखबार के अनुसार, नेपाली कांग्रेस के सांसदों को अपने निर्वाचन प्रमाणपत्र के साथ मतदान स्थल पर पहुंचने का निर्देश दिया गया था। नेपाली कांग्रेस इस हिमालयी देश की एकमात्र पार्टी है, जो संसदीय दल के नेता के लिए चुनाव कराती है।

इसे भी पढ़ें: China Corona Virus: 'जब कोई मरेगा तो बेड मिलेगा', शवों से भरे श्मशान, अस्पताल के फर्श पर पड़ा इंसान, कोरोना के तांडव का ऐसा वीडियो देख दहल जाएगा आपका दिल

संसदीय दल के नेता के चुनाव के लिए रविवार को नेपाली कांग्रेस की केंद्रीय कार्यसमिति की बैठक में तीन-सदस्यीय चुनाव समिति का गठन किया गया था, जिसमें संयुक्त महासचिव भीष्म राज अंगडेंबे समन्वयक और केंद्रीय सदस्य पुष्पा भुसाल और प्रकाश रसैली ‘स्नेही’ सदस्य थे। हाल ही में संपन्न आम चुनाव में नेपाली कांग्रेस ने प्रतिनिधि सभा की कुल 89 सीट पर जीत दर्ज की थी। इनमें से 57 सीट पार्टी को प्रत्यक्ष मतदान और 32 सीट आनुपातिक प्रतिनिधित्व चुनाव प्रणाली के जरिये हासिल हुई थी।

इस बीच, संसदीय सचिवालय के सूत्रों ने बताया कि प्रतिनिधि सभा के नवनिर्वाचित सदस्यों का शपथ ग्रहण समारोह 22 दिसंबर को होगा। उल्लेखनीय है कि 275-सदस्यीय प्रतिनिधि सभा में 165 सदस्यों का चयन प्रत्यक्ष मतदान के जरिये किया गया था, जबकि बाकी 110 सदस्य आनुपातिक चुनाव प्रणाली के माध्यम से चुने गए थे। हिमालयी देश में लंबे समय से जारी राजनीतिक अस्थिरता को खत्म करने के लिए प्रतिनिधि सभा और सात प्रांतीय विधानसभाओं के लिए हाल ही में चुनाव कराए गए थे।

प्रमुख खबरें

Ayodhya में NSG रीजनल हब के लिए 26 हेक्टेयर जमीन मुफ्त देगी UP सरकार

MP दौरे पर आएंगे BJP अध्यक्ष Nitin Nabin और Rahul Gandhi, इंदौर में होंगे कार्यक्रम

Nepal Flood: आठ जिलों से और शव मिलने के बाद मृतकों का आंकड़ा पहुंचा 1,399

दिल्ली कोर्ट से Swatantra Bhardwaj को 3 हफ्ते की अंतरिम जमानत, पुलिस को दिए जांच के निर्देश