राजस्थान से सत्ता में महिलाओं की भागीदारी के नए संकेत

By डॉ. राजेन्द्र प्रसाद शर्मा | Nov 27, 2026

राजस्थान में पंचायतीराज संस्थाओं के चुनाव परिणामों को लेकर किसका पलड़ा भारी या कमजोर रहा या चुनाव परिणामों का राजस्थान की राजनीति पर क्या असर पड़ेगा यह राजनीति विज्ञों के बीच अलग विचार का मुद्दा हो सकता है पर राजस्थान से जिला प्रमुखों के चुनाव परिणामां से जिस तरह से सत्ता में भागीदारी में सशक्तिकरण उभर का आया है वह समूचे देश ही नहीं अपितु समूचे विश्व के लिए एक सकारात्मक संकेत है। राजस्थान के नागौर से पंचायतीराज का विगुल बजा था और आज जिला प्रमुखों के 70 फीसदी महिलाओं की हिस्सेदारी से नई बयार देखने को मिल रही है। देखा जाएं तो सत्ता में महिलाओं की भागीदारी को लेकर राजस्थान से सकारात्मक व आश्चर्यकारी परिणाम सामने आये हैं। राजस्थान में जिला प्रमुखों के चुनाव परिणाम ना केवल चौंकाने वाले हैं अपितु आने वाले समय में महिलाओं की सत्ता में भागीदारी बढ़ने की दिशा में बढता कदम माना जा सकता है। राजस्थान में 37 जिला परिषदों के परिणामों में 26 जिला परिषदों में जिला प्रमुख के पद पर महिलाएं चुनी गई है। इसमें भी एक खास बात यह है कि सुदूर रेगिस्तानी जिले जैसलमेर से केवल और केवल मात्र 21 साल और एक माह की आयु की संतोष कुमारी जिला प्रमुख चुनी गई है तो 21 वर्ष और 4 माह की वर्षा झाला झालावाड़ की जिला प्रमुख चुनी गई है। 

सबसे अच्छी बात यह है कि जिला प्रमुख बनने वाली महिलाओं में अधिकांश जहां युवा महिलाएं है तो दूसरी और अच्छी पढ़ी लिखी महिलाएं जिला प्रमुख बनी है। देखा जाएं तो महिलाओं में भी राजस्थान में शिक्षित और युवा महिला नेतृत्व उभर कर आया है। इसे भविष्य के लिए भी शुभ संकेत माना जा सकता है। महिलाओं की सत्ता में भागीदारी से यह भी माना जा सकता है कि महिलाएं जमीनी हकीकत से अधिक जुड़ी होती है ऐसे में पंचायतीराज संस्थाओं में स्थानीय स्तर की समस्याओं के समाधान में सार्थक और सकारात्मक परिणाम की आशा की जा सकती है। माना जा रहा है कि युवा और शिक्षित महिला नेतृत्व का फोकस शुद्ध पेयजल से लेकर बिजली, स्वच्छता, स्वास्थ्य, शिक्षा, आंगणबाडी और स्थानीय स्तर की समस्याओं को समझने और उनके निराकरण में अधिक सकारात्मकता आएगी। माना तो यह भी जा रहा है कि भ्रष्टाचार पर भी एक हद तक रोक संभव हो पाएगी तो महिलाएं नए जोश और नई ऊर्जा से काम करते हुए परिणाम देने का प्रयास करेंगी। कुल मिलाकर कार्य व्यवस्था में बदलाव की संभावनाओं से नकारा नहीं जा सकता।

इसे भी पढ़ें: राजस्थान में उप जिला प्रमुख चुनाव में Congress का दबदबा, 37 सीटों पर दर्ज की जीत

महिलाओं की सत्ता में दमदार भागीदारी के बावजूद एक संभावना या यों कहे कि एक नकारात्मकता को लेकर अभी से प्रष्न उठाये जा सकते हैं और वह यह कि जिस तरह से पंचायतों में सरपंच पति, प्रधान पति या पंच पति का दौर चला था, उस तरह की स्थिति प्रमुख पति के रुप में नहीं आनी चाहिए। सच्चे मायने में महिला जिला प्रमुख ही सत्ता की भागीदार बने और निर्णय जिला प्रमुख का ही रहे जिला प्रमुख पति आदि का नहीं। कहने का अर्थ यह है कि महिलाओं को निर्णय क्षमता विकसित करनी होगी और प्रशासन में अपनी निर्णय क्षमता और कार्य शैली की छाप छोड़ने की चुनौती महिला जिला प्रमुखों के सामने होगी। राज्य सरकार को भी नईजिला प्रमुखों आदि के लिए ओरियंटेशन कार्यक्रम व्यापक व निरंतरता के साथ आयोजित करने होंगे ताकि महिलाओं की भागीदारी सच्चे मायने में उभर कर आ सके।

दुनिया के देशों में सत्ता में महिलाओं की भागीदारी की बात करें तो वैश्विक औसत 27.5 फीसदी है। 30 महिला राष्ट्र्ाध्यक्ष महिलाएं है तो दुनिया के केवल 8 देश ही ऐसे हैं जहां महिलाओं की भागीदारी 50 फीसदी से अधिक है। रवांडा, क्यूबा, निकारागुआ, कोस्टारिका, बोलिविया, मैक्सिको, एंडोरा और संयुक्त अरब अमीरात में 50 प्रतिशत से अधिक भागीदारी है। न्यूजीलैंड, डेनमार्क और आइसलैंड 45 से 50 प्रतिशत महिलाओं का प्रतिनिधित्व है। इस समय दुनिया के 56 देष ऐसे हैं जहां सत्ता में महिलाओं का 33 प्रतिशत प्रतिनिधित्व है। एक बात साफ हो जानी चाहिए कि पिछले चुनावों में सरकार बनाने में महिलाएं निर्णायक भूमिका में रही है। एक मोटे अनुमान के अनुसार 14 राज्यों में महिलाओं की निर्णायक भूमिका रही। 2024 के लोकसभा चुनावों में भी 19 राज्यों केन्द्र शासित प्रदेशों में महिलाओं ने निर्णायक भूमिका निभाई। इसके साथ ही पिछले कुछ सालों के चुनाव परिणामों का विश्लेषण करें तो यह भी साफ हो जाता है कि लगभग सभी पार्टियों ने महिलाओं को केन्द्र में रखकर चुनाव घोषणा पत्र बनाये और महिलाओं को किसी भी नाम से योजना रखते हुए एक निश्चित राशि देने की बात प्रमुखता से की। एक बात साफ हो जानी चाहिए राजनीतिक पार्टियां कहने को कुछ भी कहे या महिलाओं को आगे लाने की कितनी भी बात करें पर विधानसभा और संसद में महिलाओं की भागीदारी अभी तक बढ़ नहीं पाई है। महिला प्रतिनिधित्व का वैश्विक औसत जहां 27.5 प्रतिशत है वहीं हमारे देश में अभी तक यह 14-15 प्रतिशत तक पहुंच पाया है। रौचक बात यह है कि 2009 की 15 वीं लोकसभा के पहले तक तो हमारे देश में लोकसभा में महिलाओं का प्रतिनिधित्व दहाई की संख्या में भी नहीं पहुंचा था। 15 वीं लोकसभा में पहलीबार 10.9 प्रतिशत प्रतिनिधित्व हो सका। हांलाकि 1977 में आपातकाल के ठीक बाद की लोकसभा में सबसे कम भागीदारी केवल 3.5 प्रतिशत ही रह गई थी। पर 1977 के हालात अलग थे और उनको अलग करके देखा जाना चाहिए। उस समय आपात्काल के बाद की स्थितियां थी। 18वी लोकसभा में 17 वीं लोकसभा की तुलना में 3 महिला सांसद कम है। इस तरह से 17वीं लोकसभा में महिलाओं की सर्वाधिक 14.4 प्रतिशत भागीदारी रही।

इन सब हालातों में राजस्थान में पंचायतीराज संस्थाओं में जिला प्रमुख की जिम्मेदारी 70 फीसदी से अधिक महिलाओं और खासतौर से युवा और शिक्षित महिलाओं के हाथ में आई है तो इससे राजनीतिक परिदृश्य में भावी के लिए शुभ और सकारात्मक संदेश माना जाना चाहिए। इसके साथ ही महिला जिला प्रमुखों से भी यह अपेक्षा रहेगी वे स्वयं निर्णय लेने और विकास में भागीदार बनने का संदेश दे।

- डॉ. राजेन्द्र प्रसाद शर्मा

प्रमुख खबरें

Top 10 Breaking News 27 November 2026 | Special Parliamentary Session | Uttar Pradesh Assembly Election 2027 | देश-विदेश से जुड़ी आज की मुख्य सुर्खियाँ यहां विस्तार से पढ़ें

कच्चे तेल में उछाल और शेयर बाजार में मंदी से US Dollar के मुकाबले रुपया 60 पैसे फिसला

वैवाहिक जीवन में मिठास बढ़ाएंगे 5 Feng Shui Tips, रिश्ते में खत्म होगी अनबन

गवई साहब न्यायपालिका में नियुक्तियों का आधार जाति बन गई तो योग्यता और न्यायिक क्षमता जैसे मानकों का क्या होगा?