By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Jan 01, 2021
दिल्ली का दिल कहे जाने वाले कनॉट प्लेस और इंडिया गेट जैसे सार्वजनिक स्थानों पर रात के कर्फ्यू की घोषणा के बाद एकत्र होने की अनुमति नहीं है। महाराष्ट्र सरकार ने कोविड-19 महामारी के मद्देनजर रात 11 बजे से सुबह छह बजे तक रात्रि कर्फ्यू लगाया है। साथ ही, पांच या इससे ज्यादा लोगों के एक जगह जमा होने पर पाबंदी है। मुंबई पुलिस प्रवक्ता एस चैतन्य ने कहा, ‘‘सार्वजनिक स्थानों पर पांच से ज्यादा लोगों को जमा होने की अनुमति नहीं दी जाएगी। रात में 11 बजे के बाद होटल, बार, पब या रेस्तरां में पार्टी करने की इजाजत नहीं होगी।’’ शहर में निर्धारित समय के बाद ‘बोट पार्टी’ या छत पर पार्टी की अनुमति नहीं होगी। आदेश का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सीआरपीसी की धारा 144 के तहत कार्रवाई की जाएगी। अधिकारी ने बताया कि नववर्ष की पूर्व संध्या पर किसी भी अप्रिय घटना की आशंका को देखते हुए और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए मुंबई की सड़कों पर करीब 35,000 पुलिसकर्मियों को तैनात किया जाएगा। कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु में भी इस बार नववर्ष समारोहों का उत्साह फीका रहेगा। दरअसल, शहर में निषेधाज्ञा जारी की गई है।
बेंगलुरु पुलिस ने बृहस्पतिवार शाम छह बजे से शुक्रवार सुबह छह बजे तक के लिए सीआरपीसी की धारा 144 के तहत निषेधाज्ञा लागू की है। इस तरह, इस बार एमजी रोड, चर्च स्ट्रीट, ब्रिगेड रोड, कोरमंगला और इंदिरानगर में बड़े समारोह देखने को नहीं मिलेंगे। ये स्थान नववर्ष पर बड़े एवं भव्य आयोजनों के लिये जाने जाते रहे हैं। बेंगलुरु पुलिस आयुक्त कमल पंत द्वारा जारी आदेश के मुताबिक ये स्थान अब मानव रहित क्षेत्र होंगे। चेन्नई में भी कोई सार्वजनिक समारोह देखने को नहीं मिलेगा क्योंकि तमिलनाडु सरकार ने रेस्तरां, होटल, क्लब और बीच रिजॉर्ट सहित अन्य तरह के रिजॉर्ट में ऐसे समारोहों को बृहस्पतिवार और शुक्रवार को प्रतिबंधित कर दिया है। चेन्नई के लोकप्रिय मरीना बीच पर पुलिस ने लोगों के प्रवेश पर प्रतिबंध लगा दिया है। यह समुद्री तट नववर्ष समारोहों के लिए हर साल काफी संख्या में लोगों को अपनी ओर खींच लाता था। ओडिशा सरकार ने कोविड-19 के मद्देनजर नव वर्ष के मौके पर लोगों के बड़े पैमाने पर जमा होने से रोकने के लिए बृहस्पतिवार रात 10 बजे से कर्फ्यू लगाने का फैसला किया है। विशेष राहत आयुक्त (एसआरसी) पीके जेना ने बताया कि यह पाबंदी शुक्रवार सुबह पांच बजे तक लागू रहेगी। एसआरसी ने ट्वीट कर बताया, ‘‘ ओडिशा सरकार पूरे राज्य में रात 10 बजे से सुबह पांच बजे तक कर्फ्यू लगा रही है। आम लोगों से सहयोग करने का अनुरोध किया जाता है। सभी आवश्यक सेवाओं और जरूरी परिचालन को कर्फ्यू के दौरान अनुमति होगी।’’ उल्लेखनीय है कि राज्य सरकार पहले ही बृहस्पतिवार एवंशुक्रवार को होटल, रेस्तरां, क्लब, पार्क और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर नए साल का जश्न मनाने पर रोक लगा चुकी है।