By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Oct 23, 2026
(योषिता सिंह) न्यूयॉर्क, 23 अक्टूबर न्यूयॉर्क शहर में घोड़ों से खींची जाने वाली बग्घियों की सवारी पर रोक लगाने वाला एक विधेयक पारित किया गया है। इस साल गर्मियों में सेंट्रल पार्क में बग्घी से जुड़ी एक भयावह घटना में एक भारतीय किशोर की मौत के बाद इस दिशा में नये सिरे से कई महीनों तक प्रयास किए गए थे। न्यूयॉर्क नगर परिषद ने बृहस्पतिवार को ‘रोमांच कानून’ को मंजूरी दी।
अब यह विधेयक हस्ताक्षर के लिए न्यूयॉर्क के मेयर जोहरान ममदानी के पास भेजा जाएगा। इस कानून का नाम भारत से आए 18 वर्षीय पर्यटक रोमांच महाजन के नाम पर रखा गया है। इस साल गर्मियों में सेंट्रल पार्क में घोड़ों से खींची जाने वाली बग्घी से गिरने के बाद रोमांच की मौत हो गई थी।
घटना के बाद यह कानून पारित किया गया। रोमांच की मौत के तुरंत बाद नगर परिषद ने बग्घी उद्योग पर सुनवाई की थी। इसका उद्देश्य इस प्रथा को चरणबद्ध तरीके से समाप्त करने के लिए संभावित विधायी कदमों की पड़ताल करना और बग्घी मालिकों तथा संचालकों की राय जानना था।
नगर परिषद ने एक बयान में कहा कि इस विधेयक के तहत अगले 19 महीनों में इस उद्योग को चरणबद्ध तरीके से बंद किया जाएगा। साथ ही कर्मचारियों और घोड़ों के लिए सुरक्षित एवं व्यवस्थित बदलाव की रूपरेखा तैयार की जाएगी। नगर परिषद की अध्यक्ष जूली मेनिन ने विधेयक पारित होने को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि रोमांच की ‘दुखद और टाली जा सकने वाली’ मौत ने दशकों से बढ़ती चिंताओं के बीच तत्काल कार्रवाई की जरूरत को रेखांकित किया।