भारत के खिलाफ Test Series के लिए New Zealand टीम घोषित, चोट से जूझ रहे Conway और Rachin शामिल

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 11, 2026

न्यूजीलैंड ने भारत के खिलाफ दो टेस्ट मैचों की श्रृंखला के लिए उस टीम के प्रमुख खिलाड़ियों को बरकरार रखा है जिन्होंने इस साल की शुरुआत में इंग्लैंड को उसकी धरती पर हराया था, हालांकि, डेवोन कॉनवे, रचिन रविंद्र और विकेटकीपर टॉम ब्लंडेल पूरी तरह फिट होने पर ही पहले टेस्ट मैच में खेल पाएंगे। वेलिंगटन में 19 नवंबर से शुरू होने वाली इस श्रृंखला में न्यूजीलैंड की 14 सदस्यीय टीम की कप्तानी टॉम लैथम करेंगे। कॉनवे (सिर में चोट), रविंद्र (कंधे में चोट) और ब्लंडेल (जांघ की मांसपेशियों में खिंचाव) अभी चोटों से उबर रहे हैं लेकिन उनके टेस्ट श्रृंखला तक फिट होने की उम्मीद है।

न्यूजीलैंड की टीम में अधिकतर वही खिलाड़ी शामिल हैं जिन्होंने इस साल के शुरू में इंग्लैंड के दौरे में अपनी टीम को तीन मैच की श्रृंखला में 2-1 से जीत दिलाई थी। यह पिछले 14 वर्ष में पहला अवसर था जब इंग्लैंड को अपनी धरती पर तीन या इससे अधिक मैच की टेस्ट श्रृंखला में हार का सामना करना पड़ा था। इंग्लैंड में जीत दर्ज करने वाली टीम में शामिल रहे तेज गेंदबाज बेन सियर्स और जैक फाउल्क्स को चोटिल होने के कारण टीम में नहीं चुना गया।

इनके अलावा विल ओरूर्क भी चोट से उबर रहे हैं। तेज गेंदबाज जैकब डफी को टीम में नए खिलाड़ी के रूप में शामिल किया गया है। न्यूजीलैंड की 2024 में भारतीय धरती पर 3-0 की ऐतिहासिक जीत के बाद यह पहला अवसर है जबकि दोनों टीम टेस्ट श्रृंखला में आमने-सामने होंगी।

मुख्य कोच रॉब वाल्टर को गेंदबाजी कोच जैकब ओरम और नव-नियुक्त बल्लेबाजी कोच बीजे वाटलिंग का सहयोग मिलेगा, जो 16 नवंबर से अपना कार्यकाल शुरू करेंगे। वाल्टर ने कहा कि वह घरेलू दर्शकों के सामने टेस्ट क्रिकेट खेलने के लिए बेहद उत्सुक है। उन्होंने कहा, ‘‘इस श्रृंखला से हमारी टीम इन गर्मियों में टेस्ट क्रिकेट के रोमांचक दौर की शुरुआत करेगी।

हमारी टीम में अधिकतर वही खिलाड़ी शामिल हैं जिन्होंने इस साल इंग्लैंड का दौरा किया था। हम अपने घरेलू मैदान पर उस सफलता को दोहराने के लिए प्रतिबद्ध हैं।’’ वाल्टर ने कहा, ‘‘सीमित ओवरों की श्रृंखला में अभी तक दर्शकों का भरपूर समर्थन मिला है और हमें उम्मीद है कि टेस्ट श्रृंखला में भी हमें इसी तरह का समर्थन मिलेगा।’’ उन्होंने कहा, ‘‘हमें अब से लेकर मार्च तक 10 टेस्ट मैच खेलने हैं और विश्व टेस्ट चैंपियनशिप को देखते हुए यह काफी महत्वपूर्ण हैं। हम भारत की मजबूत टीम के खिलाफ अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने पर ध्यान केंद्रित कर रहे हैं।’’ न्यूजीलैंड की टीम: टॉम लैथम (कप्तान), टॉम ब्लंडेल (विकेटकीपर), डेवोन कॉनवे, जैकब डफी, मैट हेनरी, काइल जैमीसन, डैरिल मिचेल, हेनरी निकोल्स, ग्लेन फिलिप्स, रचिन रविंद्र, मिचेल सैंटनर, नाथन स्मिथ, ब्लेयर टिकनर, विल यंग।

प्रमुख खबरें

Presidents Bodyguard Jawan Shot | दिवाली पर बागपत में खूनी रंजिश! पटाखों के विवाद में राष्ट्रपति के बॉडीगार्ड को मारी गोली, सिर से निकाली गई गोली, हालत नाजुक

India vs New Zealand Test Series 2026 | रवि शास्त्री ने की अंशुल कंबोज की जमकर तारीफ! न्यूजीलैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज में शानदार प्रदर्शन की जताई उम्मीद

National Education Day: 11 नवंबर को मौलाना आजाद की जयंती पर देश मना रहा राष्ट्रीय शिक्षा दिवस

तुर्किये में COP 31 जलवायु सम्मेलन शुरू, ठोस कदमों पर विश्व नेताओं की नजर