By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 14, 2026
राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (एनआईए) ने शुक्रवार को श्रीलंकाई मानव तस्करी के मामले में लंबे समय से फरार पुदुमदम इमरान को बेंगलुरु अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से गिरफ्तार कर लिया। आतंकवाद रोधी एजेंसी ने एक बयान में कहा कि श्रीलंकाई अधिकारियों ने इमरान को भारत वापस भेज दिया है। उसे एनआईए के अनुरोध पर इंटरपोल द्वारा जारी रेड नोटिस के आधार पर हिरासत में लिया गया था।
बयान के अनुसार, आरोपी ने श्रीलंका के लोगों को वैध दस्तावेजों के साथ कनाडा ले जाने का झूठा आश्वासन देकर मानव तस्करी की साजिश में सक्रिय भूमिका निभाई और इसके लिए पीड़ितों के परिवार के सदस्यों या रिश्तेदारों से पैसे लिए। एनआईए ने कहा कि उसने पीड़ितों की तस्करी और उन्हें बंधक बनाकर रखने के लिए हवाला के जरिए भारत में सह-आरोपियों को पैसे भेजे। एजेंसी ने बताया कि यह मामला विश्वसनीय सूचना के आधार पर कर्नाटक पुलिस द्वारा मंगलुरु में विभिन्न परिसरों पर की गई छापेमारी से जुड़ा है, जिसमें वैध दस्तावेजों के बिना रह रहे श्रीलंकाई नागरिकों का पता चला था।
एनआईए ने 13 जुलाई 2021 को जांच अपने हाथ में ली थी।