Sirsa ग्रेनेड हमला मामले में NIA ने चार आरोपियों पर दायर की चार्जशीट

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Oct 18, 2026

राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (एनआईए) ने हरियाणा के सिरसा में पिछले साल 25 नवंबर को महिला थाने के पास हुए ग्रेनेड हमले के मामले में चार आरोपियों के खिलाफ आरोपपत्र दाखिल किया है। अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि राजबीर सिंह उर्फ फौजी, वेद प्रकाश उर्फ पम्मा, जीवनजोत सिंह ग्रेवाल उर्फ ज्योति और चिराग ठकराल के नाम शनिवार को पंचकूला की एनआईए विशेष अदालत में दाखिल पूरक आरोपपत्र में शामिल हैं।

इनमें पाकिस्तानी नागरिक शहजाद भट्टी और सोहेल अहमद उर्फ सोहेल बलोच के नाम भी शामिल थे। एनआईए की ओर से जारी बयान के अनुसार, पूरक आरोपपत्र में साजिश और चारों आरोपियों की अलग-अलग भूमिका का ब्योरा देने के साथ जांच के दौरान जुटाए गए साक्ष्य भी शामिल किए गए हैं। बयान में कहा गया कि आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता, 2023 की धारा 61(2) (आपराधिक साजिश), धारा 109 (हत्या का प्रयास) और धारा 238 (अपराध के साक्ष्य मिटाना या अपराधी को बचाने के लिए गलत जानकारी देना), विस्फोटक पदार्थ अधिनियम, 1908 की धारा पांच (संदिग्ध परिस्थितियों में विस्फोटक बनाने या रखने की सजा) और धारा छह (उकसाने के लिए सजा) तथा गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम, 1967 की धारा 18 (साजिश के लिए सजा), धारा 18बी (आतंकी कृत्य के लिए किसी व्यक्ति की भर्ती करने की सजा) और धारा 20 (आतंकी गिरोह या संगठन का सदस्य होने की सजा) के तहत आरोप लगाए गए हैं।

एनआईए ने बताया कि जांच में सामने आया कि सिंह भारत में, इस सीमा पार नेटवर्क के समन्वयक के रूप में काम कर रहा था। इसने कहा कि वह विदेश में बैठे लोगों के साथ मिलकर भारत में हथियारों या हथगोले और मादक पदार्थों की खेप जुटाने तथा उन्हें इधर-उधर भेजने का काम करता था। बयान के अनुसार, सिंह के निर्देश पर काम करते हुए ठकराल, ग्रेवाल और प्रकाश ने विस्फोटकों के परिवहन में अहम भूमिका निभाई।

एनआईए ने कहा कि यह हमला शहजाद भट्टी नेटवर्क के सदस्यों ने एक सुनियोजित साजिश के तहत किया था। इसका मकसद पुलिसकर्मियों को नुकसान पहुंचाने के साथ आम लोगों में आतंक और भय पैदा करना था।

प्रमुख खबरें

Kolkata Durga Puja भगदड़ में 19 मृतकों में से आधे से ज्यादा का हुआ पोस्टमॉर्टम

Ethanol Tender: 2026-27 में चीनी से एथनॉल खरीद पर रोक, मक्के पर दर घटाई

Share Market की चाल तय करेंगे Jio Platforms IPO और दूसरी तिमाही के नतीजे

NTPC का Nuclear Power पर बड़ा प्लान, 2047 तक 30 GW क्षमता के लिए UP समेत कई राज्यों में तलाश