By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Oct 23, 2026
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने महाराष्ट्र विधान परिषद की पांच शिक्षक और स्नातक सीटों के लिए शुक्रवार सुबह मतदान शुरू होने के बाद नागपुर स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। भाजपा के वरिष्ठ नेता गडकरी ने अपनी पत्नी कंचन गडकरी, बेटे और बहू के साथ शहर के महल इलाके में स्थित न्यू इंग्लिश स्कूल में मतदान केंद्र पर वोट डाला। भाजपा ने नागपुर स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से पूर्व विधायक सुधाकर कोहले को उम्मीदवार बनाया है।
भाजपा, एकनाथ शिंदे नीत शिवसेना और सुनेत्रा पवार के नेतृत्व वाली राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के गठबंधन महायुति तथा कांग्रेस, शरद पवार के नेतृत्व वाली राकांपा (शरदचंद्र पवार) और उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) के गठबंधन महा विकास आघाडी (एमवीए) सभी पांच सीटों पर चुनाव लड़ रहे हैं। अधिकारियों ने बताया कि मतगणना 27 अक्टूबर को होगी, जबकि चुनाव प्रक्रिया 31 अक्टूबर तक पूरी कर ली जाएगी।