नीतीश के तीखे तेवर, हमें जो इग्नोर करेगा वो खुद राजनीति में इग्नोर हो जाएगा

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Jul 08, 2018

बिहार के मुख्यमंत्री और जदयू अध्यक्ष नीतीश कुमार आज यहां पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में आगामी विधानसभा और लोकसभा चुनाव समेत विभिन्न मुद्दों पर अपनी पार्टी बड़े नेताओं से चर्चा की। भाजपा के साथ संबंधों में तनाव की खबरों के बीच नीतीश कुमार ने कहा कि हमें नजरअंदाज करने की गलती मत करना। उन्होने आगे कहा कि हमें नजरअंदाज करने वाले राजनीति से खुद नजरअंदाज हो जाएंगे। उन्होंने कांग्रेस के साथ जाने कि अटकलों को खारिज करते हुए कहा कि करप्शन के मुद्दे पर राहुल गांधी का रूख साफ़ नहीं है। नीतीश कुमार ने कहा कि बिहार को विशेष राज्य का दर्जा दिलाने की हमारी कोशिश जारी रहेगी। 

जदयू के कई नेताओं ने भाजपा नीत राजग में अपनी पहले की प्रभावशाली स्थिति बहाल करने की मांग की है जैसा 2013 में गठबंधन से नाता तोड़ने से पहले तक उसका प्रभाव था। 2014 के लोकसभा चुनावों में अभूतपूर्व सफलता के बाद बिहार में भाजपा का आधार बढ़ रहा है और वह जदयू को बड़ी पार्टी का दर्जा नहीं मिलने देना चाहेगी।

 

भाजपा की सहयोगी जदयू ने आज अपने अध्यक्ष और बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को आगामी विधानसभा और लोकसभा चुनावों सहित विभिन्न राजनीतिक मुद्दों पर पार्टी का रुख तय करने के लिए अधिकृत किया। अपनी बैठक में पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी ने एक साथ चुनाव कराए जाने के प्रस्ताव का भी समर्थन किया। मोदी सरकार इस प्रस्ताव का जोरदार समर्थन कर रही है। पार्टी की इस बैठक में नीतीश कुमार सहित वरिष्ठ नेता शामिल हुए। सूत्रों ने बताया कि पार्टी ने हालांकि अन्य दलों के साथ बातचीत के माध्यम से सर्वसहमति तैयार करने पर बल दिया। 

 

कार्यकारिणी ने नागरिकता संशोधन विधेयक का पार्टी द्वारा विरोध करने को भी दोहराया। इस विधेयक में अफगानिस्तान , बांग्लादेश या पाकिस्तान से आए हिंदुओं , सिखों , बौद्धों , जैनों , पारसी और ईसाइयों को छः वर्षों के प्रवास के बाद भारतीय नागरिकता के लिए योग्य होने का प्रावधान किया गया है। पार्टी ने कहा कि नागरिकता के लिए धर्म आधार नहीं हो सकता है। 

 

पार्टी नेताओं ने 2019 के लोकसभा चुनावों के लिए राजग के घटक दलों के बीच सीटों के आवंटन को लेकर भाजपा के साथ तनावपूर्ण संबंध होने की खबरों को तवज्जो नहीं देने का प्रयास किया और कहा कि सत्तारूढ़ गठबंधन एक साथ चुनाव लड़ेगा और भारी सफलता हासिल करेगा। जदयू महासचिव संजय कुमार झा ने संवाददाताओं से कहा कि यह फैसला बाद में किया जाएगा कि कौन पार्टी कितनी सीटों पर चुनाव लड़ेगी। राजग एक साथ चुनाव लड़ेगा और पूरे राज्य में भारी जीत हासिल करेगा। पार्टी नेताओं ने कहा कि लोकसभा चुनाव में सीटों की संख्या के मुद्दे पर चर्चा नहीं हुयी और अंतिम रूख तय करने के लिए नीतीश कुमार को अधिकृत किया गया। 

 

प्रमुख खबरें

Porn Star से जुड़े मामले में Trump की पूर्व करीबी सलाहकार होप हिक्स बनीं गवाह

कनाडाई पुलिस ने Nijjar की हत्या के तीन संदिग्धों को गिरफ्तार किया: मीडिया की खबर

लगातार कम स्कोर वाली पारियों के दौरान सही लोगों के बीच में रहने की कोशिश कर रहा था: Jaiswal

Dhoni मेरे क्रिकेट करियर में पिता जैसी भूमिका निभा रहे हैं, उनकी सलाह से लाभ मिलता है: Pathirana