क्या नीतीश कुमार मुख्यमंत्री बने रहने को अनिच्छुक थे ? सुशील मोदी ने दिया यह बयान

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Dec 28, 2020

पटना। वरिष्ठ भाजपा नेता सुशील कुमार मोदी ने सोमवार को कहा कि नीतीश कुमार मुख्यमंत्री के पद बने रहने को लेकर अनिच्छुक थे और वह तब जाकर राजी हुए जब उन्हें याद दिलाया गया कि राजग ने उनके नाम पर वोट मांगे थे। कुमार के पिछले कार्यकालों में एक दशक से अधिक समय तक उपमुख्यमंत्री रहे मोदी ने एक दिन पहले जनता दल यूनाइटेड (जदयू) द्वारा दिये गये बयान के संबंध में पूछे जाने पर यह टिप्पणी की। कुमार और मोदी के बीच बहुत अच्छे समीकरण होने की चर्चा होती रही है। 

इसे भी पढ़ें: जेडीयू में नीतीश की जगह लेंगे आरसीपी सिंह, राष्ट्रीय अध्यक्ष बने 

रविवार को जदयू की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक के बाद संवाददाता सम्मेलन में पार्टी महासचिव एवं प्रवक्ता केसी त्यागी ने उनकी पार्टी के पास भाजपा से कम विधायक होने के बावजूद मुख्यमंत्री (कुमार) के अपने पद बने रहने के बार बार चर्चा होने का लेकर नाखुशी प्रकट की थी। त्यागी ने इस बात पर बल दिया था कि कुमार ने तो शुरू में ही राय व्यक्त कर दी थी कि अधिक संख्याबल के आधार पर भाजपा को अपना मुख्यमंत्री बनाना चाहिए। कार्यकारिणी की इसी बैठक में कुमार ने जदयू अध्यक्ष पद छोड़ दिया। बिहार विधानसभा चुनाव में भाजपा ने 74 सीटें जीती थी जबकि उससे अधिक सीटों पर चुनाव लड़ने वाले जदयू को 43 सीटें ही मिल पायी।

मोदी ने कहा, ‘‘यह सच है कि नीतीश कुमार ने विधानसभा चुनाव के बाद मुख्यमंत्री के पद पर बने रहने की अनिच्छा प्रकट की थी और कहा था कि भाजपा को इस शीर्ष पद पर दावा करना चाहिए।’’ पूर्व उपमुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘जब राज्य में राजग के घटक दलों--भाजपा, हम, वीआईपी ने उनसे पद पर बने रहने का अनुरोध किया और उन्हें याद दिलाया कि वोट उनके नाम पर मांगे गये थे, तब ही वह इस पद पर बने रहने के लिए राजी हुए।’’ 

इसे भी पढ़ें: अरुणाचल में चुनाव परिणाम के बाद कांग्रेस की नीतीश को सलाह, बिहार में विपक्ष के संपर्क में रहें 

उन्होंने अरूणाचल प्रदेश में बड़े पैमाने पर जदयू के विधायकों के भाजपा में शामिल होने के बाद दोनों दलों के बीच संबंध बिगड़ने की संभावना से भी इनकार किया। मोदी ने कहा कि जदयू ने स्वयं ही कहा है कि अन्य राज्य में हो रहे घटनाक्रम का बिहार में भाजपा के साथ पार्टी के गठजोड़ पर असर नहीं पड़ेगा। मुझे विश्वास है कि राजग बिहार में अगले पांच साल तक बिना किसी परेशानी के शासन करेगा और कमान नीतीश कुमार के हाथों में होगी।

प्रमुख खबरें

KKR vs DC IPL 2024: सॉल्ट और चक्रवर्ती के तूफान में उड़ी दिल्ली, कोलकाता की शानदार जीत

कनाडा और उड़ानों, वायु मार्गों को जोड़ने के लिए भारत के साथ काम कर रहा : PM Trudeau

भीषण गर्मी के बीच Jharkhand सरकार ने 8वीं तक की कक्षाएं निलंबित कीं

Ola Mobility के CEO हेमंत बख्शी का इस्तीफा, 10-15 प्रतिशत कर्मचारियों की हो सकती छंटनी