लालू के घर गोपालगंज में नीतीश की रैली, तेजस्वी के वादे से भ्रमित नहीं होने की अपील की

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Oct 20, 2020

भोरे। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने राज्य के लोगों से 10 लाख नौकरियां देने के राजद नेता तेजस्वी यादव के वादे से ‘भ्रमित’ नहीं होने की मंगलवार को अपील की और विपक्षी महागठबंधन के नेताओं से पूछा कि इसके लिये पैसा कहां से आएगा। गोपालगंज के भोरे और सीवान के जीरादेई में चुनावी रैलियों को संबोधित करते हुए कुमार ने कहा कि आजकल कुछ लोग कह रहे हैं कि इतनी नौकरी देंगे, लेकिन कहां से देंगे और इसके लिये पैसा कहां से आयेगा। उन्होंने कहा, ‘‘ जब इतने लोगों (10 लाख लोगों) को नौकरी देंगे, तब बाकी को क्यों छोड़ देंगे।’’ कुमार ने लालू प्रसाद की तरफ परोक्ष रूप से इशारा करते हुए कहा, ‘‘जिसके कारण से जेल गए, उसी पैसे से व्यवस्था करेंगे क्या?’’ उन्होंने कहा कि जो काम हो ही नहीं सकता, उसके लिये पैसा कहां से आयेगा। नकली नोट लायेंगे या जेल से आयेगा पैसा। मुख्यमंत्री ने लोगों से कहा, ‘‘ इससे भ्रमित होने की जरूरत नहीं है। एक-एक काम करके राज्य को प्रगति के रास्ते पर लाए हैं। मौका देंगे तब और काम करेंगे।’’ गौरतलब है कि राजद नेता तेजस्वी यादव अपनी सभी रैलियों में रोजगार और विकास का मुद्दा उठा रहे हैं। 

इसे भी पढ़ें: मुफ्त राशन के बहाने योगी का लालू परिवार पर हमला, कहा- RJD सरकार ने तो गाय-भैंस का चारा भी खा लिया

यादव का कहना है कि लाखों लोगों का रोजगार छीन गया है और कारोबारियों का व्यवसाय ठप पड़ गया है, ऐसे में वह रोजगार की व्यवस्था करेंगे, कृषि रिण माफ करेंगे, युवाओं का ध्यान रखेंगे। कुमार ने राजद नेता पर निशाना साधते हुए सवाल किया कि 15 साल में जब मौका मिला था तब कितने लोगों को नौकरियां दी थी? मुख्यमंत्री ने कहा कि हमने तो छह लाख से अधिक लोगों को नौकरियां दी और काफी संख्या में लोगों को काम का अवसर दिया। राजद की पूर्ववर्ती सरकार पर निना साधते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि पहले न सड़क थी, न बिजली थी और जंगलराज था। उन्होंने कहा कि आज हर घर में बिजली है, हर गांव तक सड़क है और बिहार में कानून का राज है। कुमार ने कहा, ‘‘हर घर बिजली तो पहुंच गया, अब हर गांव में सोलर लाइट लगाएंगे।’’ कुमार ने कहा कि पहले एक प्रथमिक स्वास्थ्य केंद्र में एक महीने में 39 लोग जाते थे और हमारी सरकार आने के बाद अब एक महीने में एक प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में 10 हजार लोग जाते हैं। उन्होंने कहा, ‘‘ कुछ लोगों को काम से मतलब नहीं है, ये लोग सिर्फ परिवारवाद में लगे रहते हैं। ’’ कुमार ने कहा कि उनका अपना कोई स्वार्थ नहीं है और वे लोगों की सेवा के लिये समर्पित हैं। उन्होंने कहा कि आज राज्य में अपराध का दर काफी नीचे चला गया और अपराध के मामले में देश में 23वें स्थान पर है। विकास कार्यो का उल्लेख करते हुए कहा कि राज्य का विकास दर 12प्रतिशत से अधिक हो गया।

प्रमुख खबरें

Nana Patekar की मौत पर Tanushree Dutta के बयान पर विवाद, Sandhya Mridul ने ऐसा क्या लिखा, जिसकी हो रही चर्चा?

Noida का Jewar Airport अब Narendra Modi International Airport कहलाएगा, Yogi Cabinet ने फैसले पर लगाई मुहर

शिवम पंडित के रूप में इमरान हाशमी की धमाकेदार वापसी! आवारापन 2 OTT पर हुई रिलीज़, जानें कहानी और बॉक्स ऑफिस कलेक्शन

Congress और CJP के प्रदर्शनों के चलते Delhi में व्यापार ठप, त्योहारों के मौके पर बिक्री बढ़ने की जगह बाजार सूने पड़े