By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Nov 01, 2026
उत्तर प्रदेश के नोएडा के सेक्टर-126 थाना क्षेत्र में शनिवार देर रात पुलिस के साथ मुठभेड़ में 50 हजार रुपये का इनामी बदमाश अमन त्यागी उर्फ माया त्यागी मारा गया। पुलिस ने इसकी जानकरी दी। पुलिस ने बताया कि त्यागी रणदीप भाटी गैंग का सक्रिय सदस्य था और उसके खिलाफ हत्या, लूट, रंगदारी तथा गैंगस्टर एक्ट समेत 20 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज थे। उन्होंने बताया कि मुठभेड़ में गोली लगने से दो पुलिसकर्मी भी घायल हो गए। पुलिस उपायुक्त प्रीति यादव ने बताया कि सेक्टर-126 थाना पुलिस और स्वाट टीम की संयुक्त टीम शनिवार रात संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की जांच कर रही थी कि इसी दौरान मोटरसाइकिल सवार एक व्यक्ति को रुकने का इशारा किया गया, लेकिन उसने रुकने के बजाय पुलिस दल पर गोलीबारी शुरू कर दी और भागने लगा।
पुलिस के मुताबिक, बादलपुर थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति के घर पर ताबड़तोड़ गोलीबारी करने के मामले में भी वह वांछित था और उसकी गिरफ्तारी पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। उन्होंने बताया कि वह पश्चिमी उत्तर प्रदेश में कई आपराधिक वारदातों में शामिल रहा था।
अधिकारी ने बताया कि मुठभेड़ में घायल उपनिरीक्षक नरेंद्र और आरक्षक धीरज को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस के अनुसार, चिकित्सकों ने दोनों के शरीर से गोलियां निकाल दी हैं और उनकी हालत स्थिर बनी हुई है। मामले में आगे की जांच की जा रही है।