देश में जून से सितंबर तक ‘सामान्य’ वर्षा हुई :मौसम विभाग

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Oct 01, 2021

देश में इस साल जून से सितंबर तक, चार महीनों के बरसात के मौसम के दौरान‘‘सामान्य’’ वर्षा हुई।

इसे भी पढ़ें: अमेरिका के साथ आर्थिक साझेदारी का विस्तार करने के लिए तैयार है भारत: गोयल

विभाग के महानिदेशक एम. महापात्र ने बताया किउत्तर-पश्चिम भारत के कुछ हिस्सों से छह अक्टूबर के आसपास दक्षिण-पश्चिम मॉनसून के लौटने की शुरूआत होने के लिए बहुत अनुकूल मौसमी दशाएं होने की संभावना है।

आईएमडी के राष्ट्रीय मौसम पूर्वानुमान केंद्र में वरिष्ठ पूर्वानुमानकर्ता आरके जेनामणि ने बताया कि 1960 के बाद यह दूसरा मौका है जब मॉनसून इतनी देर से लौट रहा है। उन्होंने कहा कि 2019 में उत्तर पश्चिम भारत से मॉनसून ने नौ अक्टूबर से लौटना शुरू कर दिया था।

उत्तर पश्चिम भारत से दक्षिण पश्चिम मानसून आमतौर पर 17 सितंबर से लौटना शुरू कर देता है। महापात्र ने कहा, ‘‘मात्रात्मक रूप से, 2021 में एक जून से 30 सितंबर तक मॉनसून की मौसमी वर्षा 1961-2010 के दीर्घ अवधि औसत (एलपीए) 88 सेंटीमीटर की तुलना में 87 सेंटीमीटर हुई। ’’

उन्होंने कहा, ‘‘दक्षिण-पश्चिम मॉनसून से देश में होने वाली मौसमी वर्षा जून-सितंबर के दौरान कुल मिलाकर सामान्य (दीर्घ अवधि औसत का 96-106 प्रतिशत) रही। ’’ यह लगातार तीसरा साल है, जब देश में बारिश सामान्य दर्ज की गई। यह 2019 और 2020 में समान्य से अधिक थी। दक्षिण-पश्चिम मॉनसून भारतीय अर्थव्यवस्था के लिए अहम है, क्योंकि देश की जीडीपी अब भी कृषि और उससे जुड़ी गतिविधियों पर बहुत अधिक निर्भर है।

यह उन जलाशयों को भरने के लिए महत्वपूर्ण है जिनका उपयोग पीने के पानी की आपूर्ति और सिंचाई के लिए किया जाता है। कुल मिलाकर देशभर में बारिश जून में 110 फीसदी, जुलाई में 93 प्रतिशत और अगस्त में 76 फीसदी हुई। इन महीनों में सबसे ज्यादा बारिश होती है। हालांकि जुलाई और अगस्त में बारिश कम हुई, लेकिन इसकी कमी सितंबर में पूरी हो गई जब एलपीए की 135 फीसदी बारिश रिकॉर्ड की गई।

इसे भी पढ़ें: महाराष्ट्र में मूसलाधार बारिश, बिजली गिरने से 13 लोगों की मौत, 560 से ज्यादा लोगों को बचाया गया

आईएमडी ने कहा कि नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और लक्षद्वीप में कम बारिश हुई। वहीं पश्चिम राजस्थान, हरियाणा, दिल्ली, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, उत्तर अंदरूनी कर्नाटक,पश्चिम बंगाल का गंगा का क्षेत्र,कोंकण और गोवा, मराठवाड़ा और अंडमान और निकोबार में मॉनसून के मौसम में अधिक वर्षा दर्ज की गई।

दक्षिण पश्चिम मॉनसून दो दिन की देरी के बाद तीन जून को केरल पहुंचा था। इसने 15 जून तक तेजी से मध्य, पश्चिम, पूर्वी, पूर्वोत्तर और दक्षिण भारत को कवर कर लिया था।

प्रमुख खबरें

Nature Lovers का स्वर्ग है Mangalajodi, Chilika Lake के पास करें Wildlife Photography का मजा

VHP के Alok Kumar की विपक्ष को चुनौती, Ayodhya Case पर सबूत पेश करें

Ram Mandir चंदा चोरी पर Saurabh Bharadwaj का VHP पर बड़ा हमला, कहा- संगठन पूरी तरह डर गया है

Ram Mandir पर चंदा चोरी के आरोप, VHP ने Kejriwal-Priyanka Gandhi के खिलाफ कार्रवाई की मांग की