उत्तर कोरिया ने दक्षिण कोरिया से मिसाइल निर्माण पाबंदी हटाने के फैसले की निंदा की, कही यह अहम बात

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | May 31, 2021

सियोल। उत्तर कोरिया ने सोमवार को कहा कि अमेरिका ने दक्षिण कोरिया को अधिक शक्तिशाली मिसाइलों के निर्माण की इजाजत दी है जो उत्तर कोरिया के खिलाफ उसकी शत्रुतापूर्ण नीति का उदाहरण है। उसने चेतावनी दी कि इससे कोरियाई प्रायद्वीप में ‘‘विकट और अस्थिर हालात’’ बन सकते हैं। अमेरिका और दक्षिण कोरिया के नेताओं के बीच 21 मई को हुए शिखर सम्मेलन के बाद उत्तर कोरिया की यह पहली प्रतिक्रिया है। शिखर सम्मेलन के दौरान अमेरिका ने दक्षिण कोरिया के मिसाइल निर्माण पर दशकों से लगे प्रतिबंध को खत्म कर दिया था और अपने सहयोगी देश को असीमित दूरी की मिसाइल के निर्माण की इजाजत दी थी। 

आधिकारिक कोरियन सेंट्रल न्यूज एजेंसी (केसीएनए) के अनुसार अंतरराष्ट्रीय मामलों के जानकार किम मायोगं चोल ने कहा, ‘‘पाबंदी हटाने का कदम (उत्तर कोरिया के प्रति) अमेरिका की शत्रुतापूर्ण नीति और मुद्दे से निपटने के उसके दोहरे रैवये की याद दिलाता है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘अमेरिका ने गलती की है। कोरियाई प्रायद्वीप और उसके आस पास असंतुलन पैदा कर (उत्तर कोरिया पर) दबाव डालना एक गंभीर गलती है और इसके कारण कोरियाई प्रायद्वीप, जहां पहले ही युद्ध जैसी परिस्थितियां बनी हुई हैं, वहां गंभीर और अस्थिर हालात पैदा हो सकते हैं।’’ 

इसे भी पढ़ें: सोशल मीडिया संबंधी नियम सरकार के ‘उत्तर कोरियाई रवैये’ को दिखाते हैं : कांग्रेस 

अमेरिका ने इससे पहले प्रायद्वीप में हथियार निर्माण की होड़ पर चिंता जताते हुए दक्षिण कोरिया पर 800 किलोमीटर से अधिक दूरी के मिसाइल निर्माण पर प्रतिबंध लगाया था। दक्षिण कोरिया के कुछ पर्यवेक्षकों ने अमेरिका के इस कदम की प्रशंसा की है और इसे सैन्य संप्रभुता बहाल करने वाला कदम बताया है। वहीं, अन्य ने इसे चीन से प्रतिद्वंद्विता के जवाब में अपने सहयोगी की सैन्य क्षमता बढ़ाने के इरादे से उठाया गया अमेरिकी कदम बताया है। दक्षिण कोरिया की सरकार ने कहा कि वह उत्तर कोरिया की हरकतों पर सावधानी से नजर रखे हुए है।

प्रमुख खबरें

Elon Musk ने BJP को Reliance समर्थित कंपनियों के चंदे से जुड़ी खबरें साझा कीं

CEC ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रदर्शन, Delhi में कड़ी सुरक्षा और रूट डायवर्जन लागू

Connaught Place Market शनिवार को बंद रहेगा, NDTA ने विरोध प्रदर्शन से नुकसान की जताई आशंका

भंगेल प्राथमिक चिकित्सालय से नवजात चोरी, Noida Police ने आरोपी महिला की तलाश में बनाई 3 टीमें