लोकसभा चुनाव : मध्य प्रदेश की इंदौर सीट पर NOTA ने बनाया कीर्तिमान, 2.18 लाख मतदाताओं ने दबाया NOTA का बटन

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Jun 04, 2024

नयी दिल्ली।लोकसभा चुनाव के लिए मंगलवार को मतगणना जारी रहने के बीच मध्य प्रदेश की इंदौर सीट पर 2.18 लाख मतदाताओं ने नोटा (इनमें से कोई नहीं) विकल्प चुना जो एक नया कीर्तिमान है। कुल मतदाताओं में से 14.01 प्रतिशत ने नोटा का विकल्प चुना। इससे पहले 2019 के आम चुनावों में, बिहार के गोपालगंज क्षेत्र के 51,660 मतदाताओं (पांच प्रतिशत) ने नोटा विकल्प चुनकर कीर्तिमान बनाया था। निर्वाचन आयोग की वेबसाइट पर दोपहर बाद 3.15 बजे उपलब्ध ताजा आंकड़ों के अनुसार, कुल मतदाताओं में से 4.62 लाख (0.99 प्रतिशत) ने नोटा का विकल्प चुना। 

पूर्व मुख्य निर्वाचन आयुक्त ओ पी रावत ने हाल ही में नोटा को प्रतीकात्मक प्रभाव वाला करार देते हुए कहा था कि किसी सीट पर नोटा को 50 प्रतिशत से अधिक मत मिलने पर ही इसे चुनाव परिणामों पर कानूनी रूप से प्रभावी बनाने पर विचार किया जा सकता है। रावत ने कहा था कि अगर 100 में से 99 वोट नोटा को मिलते हैं और किसी उम्मीदवार को एक मत मिलता है, तो वही उम्मीदवार विजयी होगा। पिछले आम चुनाव में, इंदौर में 69 प्रतिशत मतदान हुआ था और 5,045 मतदाताओं ने नोटा का विकल्प चुना था। रावत ने कहा, मौजूदा स्थिति में, नोटा का केवल प्रतीकात्मक महत्व है और इसका किसी भी सीट के चुनाव परिणाम पर कोई प्रभाव नहीं पड़ सकता।

प्रमुख खबरें

Riyadh स्थित Indian Embassy ने जारी की एडवाइजरी, नागरिकों से सुरक्षा नियमों के पालन की अपील

रूस, भारत और टैरिफ का खेल! ट्रंप ने क्यों लिया 60 दिन का समय, रुबियो ने खोला राज

Congress ने की CEC ज्ञानेश कुमार को हटाने और SIR रोकने की मांग

कहीं आपके बच्चे फोन में छिपकर तो नहीं चला रहे खतरनाक ऐप्स? ऐसे करें चेक