By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 02, 2026
मदुरै (तमिलनाडु), दो नवंबर तमिलनाडु के मदुरै जिले में समयनल्लूर के पास रविवार देर रात अज्ञात हमलावरों के एक गिरोह ने एक कुख्यात अपराधी की धारदार हथियारों से हमला करके हत्या कर दी। पुलिस ने यह जानकारी दी। मृतक की पहचान समयनल्लूर के सदाचियम्मन नगर निवासी सूर्या उर्फ कुट्टीसाकू के रूप में हुई है।
पुलिस ने बताया कि हमले में सूर्या का चेहरा बुरी तरह जख्मी हो गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि वारदात के बाद हमलावर वहां से फरार हो गए। सूचना मिलने पर समयनल्लूर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मदुरै के राजाजी सरकारी अस्पताल भेज दिया।
पुलिस के अनुसार शुरुआती जांच से पता चला है कि हत्या का कारण पुरानी दुश्मनी और बदला लेने की भावना हो सकती है। अधिकारियों ने बताया कि पुलिस ने गहन जांच शुरू कर दी है और गिरोह के फरार सदस्यों की तलाश कर रही है।