Nuh में जिंदा दफन सर्कस कलाकार Deepak की मौत, उस्ताद पर लगा लालच का आरोप

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Jul 31, 2026

नूंह जिले में एक गड्ढे में तीन दिन तक जिंदा दफन रहने के दौरान दम घुटने से मरने वाले सर्कस कलाकार दीपक के दुखी परिवार का कहना है कि उसकी मौत किसी दुर्घटना का नतीजा नहीं थी, बल्कि उसके उस्ताद के लालच का परिणाम थी। परिवार का एकमात्र सहारा दीपक की उम्र केवल 27 साल थी। फरीदाबाद के गौंची गांव के रहने वाला दीपक पारंपरिक कलाकारों के परिवार से था, जो एक गांव से दूसरे गांव में घूमते रहते थे।

दीपक की भाभी सुनीता ने बताया कि हर कार्यक्रम में दर्शकों को यह बताया जाता था कि 7,100 रुपये जमा होने के बाद ही दीपक को बाहर निकाला जाएगा। हालांकि, यह दावा सिर्फ लोगों को अधिक पैसे देने के लिए प्रोत्साहित करने की एक चाल थी। असल में चाहे कितनी भी रकम जमा हुई हो 24 घंटे पूरे होते ही दीपक को बाहर निकाल लिया जाता था।

सुनीता ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, ‘‘इस बार 24 घंटे में 7,100 रुपये का लक्ष्य पूरा नहीं हुआ, इसलिए पुलसिया ने जिंदा रहते हुए दफन रहने की अवधि को बढ़ाकर 72 घंटे कर दिया। जब तय समय के बाद भी दीपक को बाहर न निकालने पर ग्रामीणों ने विरोध किया, तो गड्ढे से मिट्टी हटाई गई। लेकिन तब तक दीपक की मौत हो चुकी थी।

दीपक ने कभी भी 72 घंटे तक जमीन में दफन अवस्था में रहने का अभ्यास नहीं किया था।’’ रिश्तेदारों ने बताया कि उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है और मांग की है कि मथुरा के लक्ष्मीनगर के रहने वाले पुलसिया के खिलाफ मामला दर्ज किया जाए। संपर्क करने पर सदर तावडू पुलिस थाने के प्रभारी राजेश कुमार ने कहा कि उन्हें अभी तक कोई शिकायत नहीं मिली है। कुमार ने कहा, ‘‘हमने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।

पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार है और रिपोर्ट के आधार पर कानून के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।’’ दीपक के बड़े भाई मनीष ने बताया कि वह खुद यह करतब सड़क पर दिखाते थे, लेकिन शादी के बाद उन्होंने इसे छोड़ दिया था। मनीष ने यह भी बताया कि दीपक एक मामले में गिरफ्तारी के बाद लगभग डेढ़ साल जेल में रहा था और जमानत पर रिहा होने के बाद हाल ही में उसने फिर से करतब दिखाना शुरू किया था। मनीष ने कहा कि जमानत पर बाहर आने के बाद वह 10 से अधिक जगहों पर करतब दिखा चुका था।

दीपक के रिश्तेदारों ने बताया कि वह परिवार का एकमात्र सहारा था। वह अपनी कला का प्रदर्शन करके जो भी पैसे या अनाज कमाता था, उसे अपनी मां बबीता को सौंप देता था। दीपक की मां बबीता ने कहा, ‘‘दीपक ही मेरी देखभाल करता था, लेकिन बेटे की मौत के बाद मैं पूरी तरह बेसहारा हो गई हूं।’’ जांच के दौरान पता चला कि 23 जुलाई को ‘प्रत्यक्ष समाधि’ का करतब दिखाने से पहले दीपक ने भीड़ का मनोरंजन करने के लिए साइकिल के जरिये कई स्टंट किए थे।

इसके बाद दीपक को एक बोरी में डालकर खास तौर पर खोदे गए गड्ढे में उतारा गया और ऊपर से मिट्टी डाल दी गई। तीन दिन बाद जब उसे बाहर निकाला गया, तो उसमें कोई हलचल नहीं थी। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

नूंह के जिला आयुक्त अखिल पिलानी ने पहले कहा था कि ऐसे स्टंट गैर-कानूनी हैं और प्रशासन इस बात की जांच करेगा कि बिना इजाजत के जानलेवा कार्यक्रम कैसे आयोजित किया गया।

प्रमुख खबरें

Mirabai Chanu को Arjuna Award देने की मांग, प्रतापराव जाधव ने खेल मंत्री को लिखा पत्र

Harsh Singh ने आस्ट्रेलिया के जोशुआ कैट्ज को हराकर Commonwealth Games में स्वर्ण पदक जीता

Cube Highways Trust InvIT की बाजार में मजबूत एंट्री, 3% से ज्यादा तेजी पर बंद

Union Cabinet ने बंदरगाह-आधारित उद्योगों के लिए संशोधित नीति को मंजूरी दी