Nvidia CEO Jensen Huang के कथित विदेशी खुफिया रिश्तों पर कंपनी ने शुरू की जांच

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 09, 2026

सैन फ्रांसिस्को, नौ नवंबर (एपी) अमेरिकी प्रौद्योगिकी कंपनी एनवीडिया ने अपने मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) जेनसन हुआंग को कथित तौर पर ‘‘एक विदेशी खुफिया एजेंसी द्वारा निशाना बनाए जाने’’ की खबरों की जांच शुरू करने का फैसला किया है। कंपनी के निदेशक मंडल ने रविवार को यह जानकारी दी। समाचार पत्र ‘द न्यूयॉर्क टाइम्स’ के अनुसार, जेनसन हुआंग ने कंपनी के निदेशक मंडल के समक्ष स्वीकार किया कि उनके एक महिला कारोबारी अधिकारी के साथ अंतरंग संबंध थे और अमेरिकी खुफिया एजेंसियों ने पाया है कि वह चीन के लिए सूचनाएं जुटा रही थीं।

जेनसन हुआंग के इस स्वीकारोक्ति के बाद कंपनी ने जांच की घोषणा की। समाचार पत्र के अनुसार, जेनसन हुआंग ने कंपनी को भेजे एक संदेश में माफी मांगी। उन्होंने कहा, ‘‘मैंने अपनी पत्नी के साथ बेवफाई की।

मेरे इस कृत्य से उन्हें और हमारे बच्चों को ठेस पहुंची है। मैंने जो किया, उसे किसी भी तरह सही नहीं ठहराया जा सकता। मुझे इसका गहरा अफसोस है।’’ एनवीडिया के निदेशक मंडल ने एक बयान में कहा कि उसके पास ‘‘यह मानने का कोई कारण नहीं है कि राष्ट्रीय सुरक्षा या एनवीडिया की गोपनीय जानकारी से कोई समझौता हुआ है’’ लेकिन जांच में सभी उपलब्ध जानकारियों की पड़ताल की जाएगी।

निदेशक मंडल ने कहा कि जेनसन हुआंग ‘‘जांच का पूरा समर्थन करते हैं और उन्होंने इसमें सहयोग करने की प्रतिबद्धता जताई है।’’ जेनसन हुआंग (63) जांच के दौरान भी कंपनी के सीईओ बने रहेंगे। ‘द न्यूयॉर्क टाइम्स’ ने पिछले महीने खबर दी थी कि अमेरिकी खुफिया एजेंसियों को पता चला है कि जेनसन हुआंग के चीन की नागरिक एलिस हुआंग के साथ करीबी संबंध थे। एजेंसियों ने पाया कि एलिस सीधे चीन की सरकार को जानकारी पहुंचा रही थीं।

समाचार पत्र के अनुसार, जेनसन हुआंग और एलिस हुआंग के बीच कोई पारिवारिक संबंध नहीं है। एलिस हुआंग पहले चीन में टेलीविजन पत्रकार थीं। इसके बाद वह सिंगापुर स्थित डेटा सेंटर कंपनी ‘मेगास्पीड’ में शीर्ष अधिकारी बनीं।

यह कंपनी दक्षिण-पूर्व एशिया में एनवीडिया के सबसे बड़े ग्राहकों में से एक बन गई है। ‘द न्यूयॉर्क टाइम्स’ के अनुसार, मेगास्पीड ने पिछले दो वर्षों में एनवीडिया से 4.8 अरब अमेरिकी डॉलर से अधिक मूल्य की चिप खरीदी हैं।

प्रमुख खबरें

दिवाली के बाद Delhi में स्मॉग की चादर, कई इलाकों में AQI 400 के पार पहुंचा

झांसी में TTE से मारपीट और HHT मशीन तोड़ने पर तीन यात्री अरेस्ट

Yemen में दो हफ्तों से फंसे 19 भारतीय नाविकों को बचाया गया, वतन वापसी शुरू

Emmanuel Macron और Anthony Albanese समेत वैश्विक नेताओं ने दी Diwali की बधाई, शांति की कामना की