Nvidia के CEO Jensen Huang की कुर्सी खतरे में, कंपनी के 600 अरब डॉलर डूबे

By Ankit Jaiswal | Nov 12, 2026

दुनिया की सबसे बड़ी तकनीकी कंपनियों में शामिल एनवीडिया इन दिनों बड़े संकट से गुजर रही है। कंपनी के सीईओ और सह-संस्थापक जेनसन हुआंग की कुर्सी पर खतरा मंडरा रहा है। उनके निजी जीवन से जुड़े विवाद सामने आने के बाद कंपनी के शेयरों में भारी गिरावट आई है। इस सप्ताह कंपनी के बाजार मूल्य से 600 अरब डॉलर से ज्यादा की रकम घट चुकी है। खबरों के मुताबिक, कंपनी का निदेशक मंडल हुआंग को पद से हटाने के विकल्प पर भी विचार कर रहा है।

63 वर्षीय जेनसन हुआंग ने 1993 में एनवीडिया की स्थापना की थी। मौजूदा समय में यह कंपनी करीब 4.2 ट्रिलियन डॉलर के बाजार मूल्य के साथ दुनिया की सबसे बड़ी कंपनियों में शामिल है। एनवीडिया ऐसे उन्नत कंप्यूटर चिप बनाती है, जिनका इस्तेमाल एआई से जुड़े बड़े कार्यक्रमों और प्रणालियों को चलाने में होता है।

विवाद की शुरुआत तब हुई, जब हुआंग के दो महिलाओं के साथ विवाहेतर संबंधों की खबरें सामने आईं। रविवार को कर्मचारियों को भेजे गए एक संदेश में हुआंग ने अपनी पत्नी के प्रति बेवफाई की बात स्वीकार की थी। इनमें से एक महिला एलिस हुआंग बताई गई हैं, जो सिंगापुर की कंपनी मेगास्पीड की पूर्व अधिकारी रही हैं। अमेरिकी अधिकारियों को उन पर चीन की खुफिया एजेंसी के लिए काम करने का संदेह है। हालांकि, चीन ने इस आरोप को खारिज किया है।

इसी बीच वॉल स्ट्रीट जर्नल की एक रिपोर्ट में दावा किया गया कि कंपनी का निदेशक मंडल हुआंग को हटाने की तैयारी कर रहा है। इसके बाद बुधवार को बाजार बंद होने के बाद एनवीडिया के शेयरों में 8% से अधिक की गिरावट दर्ज की गई।

कंपनी के नियमों के मुताबिक, निदेशक मंडल बहुमत से हुआंग को उनके पद से हटा सकता है। इसके लिए किसी विशेष कारण का होना भी जरूरी नहीं है। मंडल में कुल 11 सदस्य हैं, जिनमें हुआंग को छोड़कर बाकी सभी स्वतंत्र निदेशक माने जाते हैं। एलएसईजी के आंकड़ों के अनुसार, हुआंग के पास कंपनी की करीब 3.6% हिस्सेदारी है। उनके पास बहुमत मतदान अधिकार नहीं हैं।

रविवार को ही निदेशक मंडल ने इस मामले की स्वतंत्र जांच शुरू करने की घोषणा की थी। जांच का एक अहम पहलू यह पता लगाना है कि कहीं हुआंग किसी विदेशी खुफिया अभियान का निशाना तो नहीं बने। हालांकि, मंडल ने उनके नेतृत्व पर भरोसा भी जताया है। ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट के मुताबिक, कंपनी संभावित नए प्रमुख की तलाश के लिए बाहरी सलाहकारों की मदद ले रही है।

हुआंग ने अब तक अपने उत्तराधिकारी का नाम घोषित नहीं किया है। रॉयटर्स के अनुसार, कंपनी के भीतर सीएफओ कोलेट क्रेस और वरिष्ठ इंजीनियर इयान बक को संभावित उम्मीदवार माना जा रहा है। 

गौरतलब है कि जेनसन हुआंग के नेतृत्व में एनवीडिया ने वीडियो गेम के लिए ग्राफिक्स चिप बनाने वाली कंपनी से एआई के क्षेत्र की सबसे अहम चिप निर्माता कंपनी बनने तक का सफर तय किया है। एडवांस एआई चिप के बाजार में इसकी हिस्सेदारी करीब 80 से 90% मानी जाती है। बाजार मूल्य के मामले में यह एप्पल के बाद दुनिया की दूसरी सबसे बड़ी कंपनी है।

विशेषज्ञों का मानना है कि हुआंग के जाने से कंपनी के रोजमर्रा के कामकाज पर तुरंत बड़ा असर शायद न पड़े, लेकिन भविष्य की योजनाओं और तकनीकी दिशा में बदलाव आ सकता है। मिनोटॉर कैपिटल की सह-संस्थापक अरमिना रोसेनबर्ग के मुताबिक, निवेशक अब इस संभावना को गंभीरता से देख रहे हैं कि एनवीडिया को अपने संस्थापक के बिना आगे बढ़ना पड़ सकता है। ऐसे में सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या एनवीडिया की सफलता जेनसन हुआंग के नेतृत्व पर निर्भर है या कंपनी उनके बिना भी अपनी बादशाहत कायम रख सकती है।

प्रमुख खबरें

ACC Battery विनिर्माण के लिए Reliance Industries समेत 22 कंपनियों ने लगाई बोली

Ghaziabad CBI Court से Azam Khan को झटका, Jauhar University केस में ED को मिली 4 दिन की रिमांड

ZEEL Board ने 600 करोड़ रुपये के Share Buyback प्रस्ताव को दी मंजूरी

Akhilesh Yadav ने नहीं दिया भाव तो Owaisi और Chandrashekhar Azad ने उतारी गठबंधन की नाव, वोटकटवों का गठजोड़ क्या सीटें भी जीत पायेगा?