Odisha Assembly के शीतकालीन सत्र से पहले स्पीकर सुरमा पाढ़ी ने बुलाई सर्वदलीय बैठक

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 18, 2026

ओडिशा विधानसभा अध्यक्ष सुरमा पाढ़ी ने शीतकालीन सत्र के सुचारू संचालन के लिए मंगलवार को सभी राजनीतिक दलों से सहयोग मांगा। विपक्ष ने गंजाम में बाढ़ समेत कई मुद्दे उठाने की तैयारी की है, ऐसे में सत्र के दौरान तीखी बहस होने का अनुमान है। विधानसभा अध्यक्ष ने बुधवार से शुरू होने वाले सत्र से एक दिन पहले सर्वदलीय बैठक बुलाई।

33 कार्यदिवसों वाला यह सत्र 31 दिसंबर तक चलेगा। बैठक में मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी, उपमुख्यमंत्री केवी सिंह देव, सरकार के मुख्य सचेतक सरोज प्रधान, विपक्ष की मुख्य सचेतक प्रमिला मलिक, कांग्रेस विधायक दल के नेता राम चंद्र कदम और संसदीय कार्य मंत्री मुकेश महालिंग शामिल हुए। पाढ़ी ने सत्तारूढ़ दल और विपक्ष से सदन की कार्यवाही सुचारू एवं व्यवस्थित ढंग से चलाने में सहयोग करने का आग्रह किया।

महालिंग ने संवाददाताओं से कहा, “विभिन्न दलों के नेताओं ने सदन की कार्यवाही सुचारू रूप से चलाने के लिए सर्वसम्मति से सहमति जताई। सरकार ओडिशा के हितों से जुड़े विपक्ष के किसी भी मुद्दे पर सदन में चर्चा करने के लिए तैयार है।” महालिंग ने कहा कि मुख्यमंत्री माझी (जिनके पास वित्त विभाग भी है) बुधवार को सदन की कार्यवाही के दूसरे हिस्से में अनुपूरक बजट पेश करेंगे। इस बीच, विपक्षी दलों ने कई विवादास्पद मुद्दों पर चर्चा की मांग करने के संकेत दिए हैं।

इससे सत्र के हंगामेदार रहने का अनुमान है। बीजू जनता दल (बीजद) की मुख्य सचेतक प्रमिला मलिक ने कहा कि उनकी पार्टी ने सदन की अन्य कार्यवाही स्थगित कर गंजाम जिले में चक्रवात और बाढ़ पर चर्चा कराने के लिए नोटिस दिया है।

प्रमुख खबरें

बोर्ड चाहे तो फिर संभाल सकता हूं जिम्मेदारी: Jensen Huang ने Nvidia में वापसी की इच्छा जताई

Shivraj Singh Chouhan ने की पंजाब के किसानों की तारीफ, पराली प्रबंधन को बताया देश के लिए नजीर

सपा नेता Azam Khan को Supreme Court और High Court से बड़ी राहत

जामनगर में HADR अभ्यास सहायता सेतु शुरू, Quad की कार्यस्तरीय बैठक भी आयोजित