Cyclone Murasu के भीषण तूफान में बदलने पर Odisha सरकार ने तटीय इलाकों से निकासी तेज की

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 02, 2026

भुवनेश्वर, दो नवंबर बंगाल की खाड़ी में चक्रवात ‘मुरासु’ के भीषण चक्रवाती तूफान में तब्दील होने के बाद ओडिशा सरकार ने सोमवार को संवेदनशील इलाकों से लोगों को निकालने का काम तेज कर दिया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। चक्रवात के प्रभाव से दक्षिणी ओडिशा में भारी बारिश होने का अनुमान है।

इसमें कहा गया है कि इसके उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ने और सोमवार रात 11:30 बजे से मंगलवार सुबह चार बजे के बीच ओंगोल के पास, नेल्लोर और नरसापुर के बीच एक भीषण चक्रवाती तूफान के रूप में दक्षिणी आंध्र प्रदेश के तट को पार करने का प्रबल अनुमान है। इस दौरान हवा की गति 100-110 किमी प्रति घंटा होगी, जो झोंकों के साथ 120 किमी प्रति घंटा तक पहुंच सकती है। आईएमडी के सूत्रों ने बताया कि चक्रवात के प्रभाव से ओडिशा के कई इलाकों में हल्की बारिश शुरू हो गई है और धीरे-धीरे बारिश की तीव्रता बढ़ने का अनुमान है।

अधिकारियों ने बताया कि मौसम विभाग की चेतावनी के बाद राज्य सरकार ने संवेदनशील इलाकों से लोगों को निकालने को प्राथमिकता दी है और आपातकालीन प्रतिक्रिया तंत्र को मजबूत किया है। ओडिशा के आपदा प्रबंधन मंत्री सुरेश पुजारी ने कहा कि हालांकि चक्रवात के आंध्र प्रदेश के तट पर आने का अनुमान है, लेकिन इसका असर ओडिशा के कई हिस्सों, विशेषकर दक्षिणी जिलों गंजाम, गजपति, रायगढ़ा, कोरापुट और मलकानगिरि में पड़ सकता है। उन्होंने कहा कि सभी जिलों के जिलाधिकारियों को सतर्क कर दिया गया है और दक्षिणी जिलों को हाई अलर्ट पर रखा गया है।

मंत्री ने बताया कि चक्रवात ‘अर्नब’ के दौरान तैनात की गई आपदा प्रतिक्रिया टीम ‘मुरासु’ के खतरे को देखते हुए अब भी उन्हीं स्थानों पर तैनात हैं। आईएमडी ने सोमवार को गजपति और गंजाम जिलों में कुछ स्थानों पर भारी बारिश का पूर्वानुमान जताया है। इसके साथ ही गरज, आकाशीय बिजली चमकने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी अनुमान है।

इसके अलावा रायगढ़ा, कोरापुट, मलकानगिरि, पुरी और खुर्दा जिलों में भी बारिश होने का अनुमान है।

प्रमुख खबरें

Dewas में पुलिस अधिकारी की हत्या पर Congress का प्रहार, BJP ने दिया जवाब

इजरायल से नेतन्याहू की विदाई, 19 सांसद करेंगे खेला! विपक्ष एकजुट, आइजेनकोट का बड़ा प्लान

Andhra Pradesh Urban Body Polls: बूथ कब्जे के आरोपों के बाद 12 केंद्रों पर Repolling शुरू

Mohammed Siraj और मुकेश कुमार की धारदार गेंदबाजी के बाद भी New Zealand A को 78 रन की बढ़त