By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Oct 11, 2026
राष्ट्रीय राजधानी के जंतर-मंतर पर कॉजपा के प्रस्तावित प्रदर्शन से पहले पांच किलोमीटर के दायरे में इंटरनेट सेवाएं एहतियातन निलंबित किए जाने पर जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने कहा कि ‘‘कश्मीर मॉडल को दिल्ली में लागू कर दिया गया है और नए जम्मू-कश्मीर के मॉडल पर बनी नयी दिल्ली में आपका स्वागत है।’’ उमर अब्दुल्ला ने यह पोस्ट मध्य दिल्ली में जंतर-मंतर के पांच किलोमीटर के दायरे में एहतियातन इंटरनेट सेवाएं निलंबित किए जाने के बाद की। जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी (कॉजपा) का शनिवार को प्रदर्शन प्रस्तावित था। नेशनल कॉन्फ्रेंस (नेकां) के अध्यक्ष फारूक अब्दुल्ला ने भी कहा कि दिल्ली में मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रदर्शनों से निपटने का केंद्र सरकार का तरीका कश्मीर के लोगों के साथ वर्षों से किए जा रहे व्यवहार की याद दिलाता है।
महबूबा ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘आज की दिल्ली, अनुच्छेद 370 के असंवैधानिक निरस्तीकरण के बाद के कश्मीर की भयावह याद दिलाती है। लोगों को उनके घरों में बंद कर दिया गया था, इंटरनेट बंद कर दिया गया था और पूरे क्षेत्र की घेराबंदी कर दी गई थी। तब भाजपा ने बेशर्मी से दावा किया था कि किसी ने विरोध प्रदर्शन नहीं किया।’’ उन्होंने कहा कि विरोध प्रदर्शन को ‘‘कुचलने’’ के बाद सत्तारूढ़ प्रतिष्ठान दावा करेगा कि कोई प्रदर्शन नहीं हुआ था।