अमेरिका के कैलिफोर्निया में बम विस्फोट में एक व्यक्ति की मौत

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | May 18, 2025

कैलिफोर्निया के पाम स्प्रिंग्स शहर में शनिवार को एक क्लिनिक के बाहर हुए बम विस्फोट में एक व्यक्ति की मौत हो गई। संघीय जांच ब्यूरो (एफबीआई) ने इसे ‘‘जानबूझकर किया गया आतंकवादी कृत्य’’ करार दिया है।

एफबीआई के लॉस एंजिलिस कार्यालय के प्रमुख अकील डेविस ने बताया कि इस क्लिनिक को जानबूझकर निशाना बनाया गया। हालांकि, उन्होंने यह बताने से इनकार कर दिया कि अधिकारियों ने इसके आतंकवादी हमला होने का निष्कर्ष किस आधार पर निकाला।

विस्फोट में जान गंवाने वाले व्यक्ति की पहचान की पुष्टि अभी नहीं हो पाई है। डेविस ने यह नहीं बताया कि मृतक ही संदिग्ध है या नहीं, लेकिन उन्होंने कहा कि किसी अन्य संदिग्ध की तलाश नहीं की जा रही।

डेविस ने बताया कि विस्फोट में चार लोग घायल हुए हैं। मामले की जानकारी रखने वाले दो कानून प्रवर्तन अधिकारियों के अनुसार, इस घटना की जांच संभावित कार धमाके के रूप में की जा रही है।

एक अधिकारी ने ‘एसोसिएटेड प्रेस’ को बताया कि जांचकर्ताओं का मानना ​​है कि मृतक संभवतः वही था जिसने विस्फोट किया था, लेकिन उन्होंने साथ ही कहा कि जांच अभी प्रारंभिक चरण में है।

पाम स्प्रिंग्स पुलिस प्रमुख एंडी मिल्स ने इसे “जानबूझकर की गई हिंसा” बताया। पाम स्प्रिंग्स शहर के अनुसार, धमाका सुबह 11 बजे नॉर्थ इंडियन कैनियन ड्राइव के पास हुआ और लोगों को इलाके से दूर रहने की सलाह दी गई।

अमेरिकन रिप्रोडक्टिव सेंटर्स क्लिनिक को चलाने वाले डॉ. माहेर अब्दल्लाह ने पुष्टि की कि उनका क्लिनिक क्षतिग्रस्त हुआ है। उन्होंने बताया कि सभी कर्मचारी सुरक्षित हैं और आईवीएफ लैब एवं भ्रूण भी सुरक्षित हैं।

प्रमुख खबरें

Donald Trump के जंग खत्म वाले बयान के बीच ईरान की धमकी, Oil Price 200 डॉलर तक संभव

Samsung Galaxy S26 की अब होगी Instant Delivery, Quick Commerce ने बदला स्मार्टफोन मार्केट का खेल

Middle East Crisis: हवाई सफर पर दोहरी मार, महंगा हुआ Fuel और हजारों Flights हुईं रद्द

Middle East संकट के बीच IEA का बड़ा फैसला, Oil Prices कंट्रोल करने के लिए खुलेगा तेल भंडार