हताशा में निचले स्तर की भाषा का इस्तेमाल कर रहा विपक्ष: भूपेन्द्र यादव

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Apr 15, 2019

पटना। भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव भूपेन्द्र यादव ने सोमवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार गरीब, किसान और पिछड़ों के कल्याण तथा गांव की तस्वीर बदलने को कृतसंकल्पित है और मुद्दा विहीन विपक्ष चुनौती देने से पहले ही बिखर गया है। यही कारण है कि हताशा में निचले स्तर की भाषा का इस्तेमाल कर रहा है। बिहार के प्रभारी भूपेन्द्र यादव ने यह बात छपरा में एक जनसभा में कही। इस जनसभा का आयोजन पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता राजीव प्रताप रूडी द्वारा आज सारण सीट से भाजपा प्रत्याशी के रूप में नामांकन दाखिल करने के बाद किया गया था। यादव ने कहा कि यह चुनाव गांव, गरीब, किसानों एवं पिछड़ों के कल्याण के लिये मोदी को दोबारा प्रधानमंत्री बनाने के लिये लड़ा जा रहा है। 

उन्होंने कहा, ‘‘ आज विपक्ष चुनौती देने से पहले ही बिखर चुका है। विपक्ष के पास कोई मुद्दा नहीं है। और इसलिये वह हताशा में अभद्र भाषा का उपयोग कर रहा है। आज राहुल गांधी, राजद नेता जिस तरह की भाषा का इस्तेमाल कर रहे हैं, वह राजनीति का निम्न स्तर है। ’’ सरकार की जन कल्याण योजनाओं का जिक्र करते हुए भूपेन्द्र यादव ने कहा कि पांच साल पहले जब नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में सरकार बनी थी, उसके बाद अनेकों जन कल्याण योजनाएं शुरू की गई। ग्रामीण क्षेत्रों में सड़कों के निर्माण से लेकर किसानों की आय दोगुणी करना, फसल बीमा योजना, सिंचाई परियोजनाओं को आगे बढ़ाने, हर गांव में बिजली पहुंचाने सहित उज्जवला योजना शामिल है। भाजपा नेता ने कहा कि मोदी सरकार ने पिछले 70 सालों में अधूरी रही सिंचाई परियोजनाओं को पूरा करने का काम किया है। 

इसे भी पढ़ें: मोदी की दोबारा होगी वापसी, भूपेंद्र यादव बोले- प्रियंका का UP में कोई प्रभाव नहीं

उन्होंने जोर दिया कि हमने किसानों के लिये सम्मान निधि योजना शुरू की है और अब अपने घोषणापत्र में वादा किया है कि हर किसानों को इसके दायरे में लाया जायेगा। इस अवसर पर बिहार के मुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी ने कहा कि केंद्र में नरेन्द्र मोदी और बिहार में नीतीश कुमार की सरकार ने पिछले पांच साल में जितना काम किया है, कांग्रेस-राजद सरकारों ने न तो कभी किया, ना ही कभी कर पाएंगी। आनेवाले वर्षों में गंगा नदी पर 12 और पुल की स्वीकृति मोदी सरकार से मिल चुकी है।

प्रमुख खबरें

SEBI Order के खिलाफ SAT पहुंचे Zee Entertainment और Punit Goenka, बुधवार को होगी अहम सुनवाई

Lionel Messi को चैंपियन बनाने वाले पिता Jorge Messi का निधन, दिग्गज Rafael Nadal ने जताया गहरा शोक

Aston Villa छोड़ PSG लौटे Lucas Digne, 11 साल बाद फिर पहनेंगे पेरिस की जर्सी, 2029 तक हुआ Deal साइन

5 साल के फतेह ने Thailand में रचा इतिहास, Gatka on Skates में जीता World Martial Arts Games Gold Medal