By रेनू तिवारी | Oct 01, 2026
पंजाब पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध हथियारों की आपूर्ति करने वाले नेटवर्क के खिलाफ एक बड़ी सफलता हासिल की है। अमृतसर पुलिस आयुक्तालय ने तीन अलग-अलग गिरोहों का भंडाफोड़ करते हुए पांच तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 3 किलोग्राम से अधिक हेरोइन, 13 आधुनिक पिस्तौल, 22 कारतूस और तस्करी में इस्तेमाल की जा रही एक कार जब्त की है। इस कार्रवाई की जानकारी देते हुए पंजाब के पुलिस महानिदेशक (DGP) गौरव यादव ने बताया कि पुलिस नेटवर्क और वित्तीय कड़ियों को खंगाल रही है ताकि इस गिरोह की पूरी आपूर्ति श्रृंखला (सप्लाई चेन) को ध्वस्त किया जा सके।
बरामद हथियारों में प्वॉइंट 30 बोर की आठ पीएक्स-3 पिस्तौल, प्वॉइंट 30 बोर की तीन पिस्तौल, नौ एमएम की एक ग्लॉक पिस्तौल और नौ एमएम की एक अन्य पिस्तौल शामिल है। इनके अलावा 22 कारतूस बरामद किए गए हैं। पुलिस ने हथियारों और मादक पदार्थों की बरामदगी के अलावा आरोपियों की वह कार भी जब्त कर ली है, जिसका इस्तेमाल कथित तौर पर तस्करी में किया जा रहा था।
यादव ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि शुरुआती जांच से पता चला है कि गिरफ्तार आरोपी अवैध हथियारों और मादक पदार्थों की आपूर्ति में शामिल थे। इस संबंध में अमृतसर थाना डिवीजन और थाना छेहरटा में अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज की गई हैं। यादव ने कहा कि गिरफ्तार लोगों के संपर्कों का पता लगाने और विदेश में बैठे उनके आका समेत इसमें शामिल अन्य लोगों की पहचान के लिए आगे की जांच जारी है। उन्होंने कहा कि मामले में मादक पदार्थों और हथियारों की आपूर्ति से जुड़ी पूरी शृंखला और अन्य संपर्कों का पता लगाने की कोशिश की जा रही है।
Read Latest National News in Hindi only on Prabhasakshi