इन 5 महिलाओं समेत एक दर्जन से अधिक भारतवंशी सदस्यों ने राज्यों में दर्ज की जीत

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Nov 05, 2020

वाशिंगटन। अमेरिका में राष्ट्रपति पद के साथ-साथ कई राज्यों में भी हुए चुनावों में पांच महिलाओं सहित एक दर्जन से अधिक भारतवंशियों ने जीत दर्ज की है। कई मायनों में भारतीय-अमेरिकी समुदाय के लिए ऐसा पहली बार हुआ है। इनके अलावा चार भारतीय मूल के उम्मीदवार- डॉ.एमी बेरा, प्रमिला जयपाल, रो खन्ना और राजा कृष्णमूर्ति- अमेरिकी कांग्रेस के निम्न सदन हाउस ऑफ रिप्रजेंटेटिव के लिए दोबारा निर्वाचित हुए हैं। वहीं भारतीय मूल के कम से कम तीन ऐसे प्रत्याशी हैं जिनका फैसला नहीं हुआ है और इनमें एक हाउस ऑफ रिप्रजंटेटिव के लिए मैदान में है। राज्य विधायिकाओं के लिए भारतीय मूल की जो पांच महिलाएं निर्वाचित हुई हैं , उनमें न्यूयॉर्क राज्य विधानसभा के लिए जेनिफर राजकुमार, केंटुकी राज्य विधानसभा के लिए नीमा कुलकर्णी, वरमोंट राज्य सीनेट के लिए केशा राम, वाशिंगटन राज्य विधानसभा के लिए वंदना स्लेट्टर और मिशिगन राज्य विधानसभा के लिए पद्मा कुप्पा शामिल हैं। वहीं, नीरज अंतानी को ओहायो राज्य सीनेट के लिए निर्वाचित घोषित किया गया है।

इसे भी पढ़ें: अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव: बाइडेन जीत के करीब, ट्रंप कानूनी लड़ाई को तैयार

सेंटर फॉर अमेरिकन प्रोग्रेस के मुताबिक इस साल के चुनाव में करीब 20 लाख भारतीयों ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया है। वहीं डॉ. हीरल तिपिरनेनी एरिजोना से हाउस ऑफ रिप्रजंटेटिव पहुंचने के लिए हल्की बढ़त बनाए हुए हैं। वहीं, न्यूजर्सी राज्य सीनेट के लिए लड़ रहे रूपांडे मेहता और पेन्सिलवेनिया ऑडिटर जनरल के लिए चुनाव लड़ रहे नीना अहमद का फैसला आना बाकी है। अमेरिकी कांग्रेस के लिए चुनाव लड़ रही दो महिलाओं सहित चार भारतवंशियों को हार मिली है। इनमें श्री प्रेस्टन कुलकर्णी को टेक्सास, मंगा अनंतत्मुल को वर्जीनिया से और निशा शर्मा एवं रितेश टंडन को कैलिफोर्निया से हार मिली है। भारतीय मूल की राजनेता सारा गिडियोन और रिक मेहता को क्रमश: मेइन और न्यूजर्सी राज्य सीनेट चुनाव में हार मिली है।

प्रमुख खबरें

TCS और Porsche के बीच ₹14,000 करोड़ की Strategic Partnership, ऑटोमोटिव इंजीनियरिंग में आएगा बड़ा बदलाव

FIH World Cup: Argentina से हारकर India सेमीफाइनल की दौड़ से बाहर, टूटा भारत का सपना।

पहले हंसे, फिर किया इशारा, कुछ इस तरह तुर्किए-पाकिस्तान-बांग्लादेश की जयशंक ने उड़ा दी नींद!

Amravati Hospital में आग की जांच के लिए 7 सदस्यीय कमेटी बनी, 8 दिन में देगी रिपोर्ट