पहलगाम आतंकवादी हमला ‘‘लापरवाही एवं सुरक्षा संबंधी विफलता’’ का परिणाम : कांग्रेस नेता शर्मिला

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Apr 26, 2025

आंध्र प्रदेश कांग्रेस समिति (एपीसीसी) की अध्यक्ष वाई एस शर्मिला ने कहा है कि पहलगाम आतंकवादी हमला ‘‘लापरवाही एवं सुरक्षा संबंधी विफलता’’ का परिणाम है और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) इस बात से लोगों का ध्यान ‘‘भटका रही है।’’

शर्मिला ने शुक्रवार को एक विज्ञप्ति में कहा, ‘‘यह हमारे देश पर हमला है...और इसके पीछे लापरवाही एवं सुरक्षा संबंधी विफलता है। भाजपा इस बात से ध्यान भटकाना चाहती है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘मृतकों में मुसलमान भी शामिल थे।’’

कांग्रेस नेता ने कहा कि यह किसी एक धर्म पर नहीं बल्कि भारत पर हमला है। उन्होंने कहा कि भाजपा ‘‘यह विमर्श गढ़ रही है कि यह हमला किसी एक धर्म के खिलाफ है।’’ उन्होंने इसे दुखद बताया।

इस बीच, भाजपा नेता एस यामिनी शर्मा ने शर्मिला की टिप्पणियों की आलोचना करते हुए उन्हें ‘‘अपनी जुबान पर काबू रखने’’ को कहा। शर्मा ने उन्हें इस मुद्दे पर उनके साथ बहस करने की चुनौती दी कि पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार की तुलना में भाजपा सरकार में देश कितना ‘‘सुरक्षित’’ है।

शर्मा ने कहा, ‘‘बीते 10 साल में भाजपा ने यह सुनिश्चित करने के लिए प्रभावी कदम उठाए हैं कि देश में कोई आतंकवादी हमला न हो।’’ उन्होंने कहा कि जब पूरा देश शोक में है, तब एपीसीसी अध्यक्ष ‘‘निंदनीय टिप्पणी’’ कर रही हैं।

इस हमले के पीछे शर्मिला द्वारा ‘‘लापरवाही और सुरक्षा संबंधी विफलता’’ को कारण बताए जाने पर शर्मा ने कहा कि लोगों की सुरक्षा के लिए हमेशा तत्पर रहने वाले सुरक्षाबलों का अपमान करना उचित नहीं है। आतंकवादियों ने मंगलवार को कश्मीर में पहलगाम शहर के पास एक पर्यटक स्थल पर हमला किया जिसमें 26 लोग मारे गए। इनमें से अधिकतर पर्यटक थे।

प्रमुख खबरें

Traffic Challan अपील पर 50% रकम जमा करने की शर्त का विरोध, Delhi Courts में ठप रहा काम

Srisailam Ghat Road पर तूफान गाड़ी और Bullet में जोरदार भिड़ंत, 1 की मौत, 15 घायल

Justice Yashwant Varma केस में FIR और CBI जांच की मांग खारिज, Delhi High Court ने बताया Witch Hunt

Jamui में छात्रा से अभद्रता मामले में SIT ने 3 आरोपी दबोचे, POCSO Act में केस दर्ज