अमेरिकी महिला ने पाकिस्तान के तीन नेताओं पर लगाया दुष्कर्म का आरोप

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Jun 06, 2020

इस्लामाबाद। पाकिस्तान स्थित एक अमेरिकी ब्लॉगर ने विपक्षी पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी (पीपीपी) के तीन वरिष्ठ नेताओं पर 2011 में उसके साथ दुष्कर्म करने तथा उस पर हमला करने का आरोप लगाया है। सिंथिया डी रिची ने शुक्रवार को अपने फेसबुक पेज पर एक वीडियो क्लिप पोस्ट कर यह आरोप लगाया और जल्द ही यह पोस्ट सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। रिची ने दावा किया, “2011 में, पूर्व गृह मंत्री रहमान मलिक द्वारा मेरा बलात्कार किया गया। यह सही है, मैं इसे फिर कहूंगी। तत्कालीन गृह मंत्री रहमान मलिक ने मुझसे दुष्कर्म किया।” उन्होंने यह भी कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री युसूफ रजा गिलानी और पूर्व स्वास्थ्य मंत्री मखदूम शहाबुद्दीन ने तब उनसे “शारीरिक दुर्व्यवहार” किया जब गिलानी इस्लामाबाद में राष्ट्रपति भवन में रह रहे थे। रिची की इस फेसबुक पोस्ट के बाद उनके और पीपीपी के बीच पहले से चली आ रही कड़वाहट और बढ़ गई है। रिची ने 28 मई को एक ट्वीट पर पूर्व प्रधानमंत्री और दिवंगत पार्टी नेता बेनजीर भुट्टो पर एक टिप्पणी की थी जिसे पार्टी ने मानहानिकारक बताते हुए उन पर संघीय जांच एजेंसी (एफआईए) में मामला भी दर्ज कराया था।

इसे भी पढ़ें: पाक में कोरोना वायरस से एक दिन में 97 की मौत, संक्रमितों की संख्या 94,000 के करीब

रिची ने यह भी कहा कि उसने इस घटना के बारे में 2011 में पाकिस्तान स्थित अमेरिकी दूतावास में “किसी को” जानकारी दी थी, लेकिन स्थितियों के किसी ठोस स्वरूप में नहीं होने और अमेरिका व पाकिस्तान के बीच “जटिल” संबंधों के कारण “प्रतिक्रिया पर्याप्त से कम थी।” पीपीपी के साथ अपनी लड़ाई के संबंध में उन्होंने कहा कि यह वास्तव में ट्वीट के बारे में नहीं है बल्कि उन लोगों के बारे में है जो जानते हैं कि वह पाकिस्तान में बहुत से लोगों के बारे में काफी कुछ जानती हैं। डान अखबार ने रिची को उद्धृत करते हुए कहा, “प्राथमिक रूप से यह उन लोगों के बारे में हैं जो महिलाओं और कमजोर लोगों का इस्तेमाल कर उन्हें प्रताड़ित करते हैं।” गिलानी ने हालांकि इन आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि वह इस तरह के आरोपों पर जवाब देने पर भी विचार कर रहे हैं। एआरवाई न्यूज से बातचीत में उनसे पूछा गया कि जब रिची के साथ कथित तौर पर दुर्व्यवहार हुआ तो वह राष्ट्रपति भवन में क्या कर रही थीं और वह पाकिस्तान में क्यों रह रही थीं। गिलानी ने आरोप लगाया कि वह राजनेताओं की छवि धूमिल करने के अभियान के तहत पाकिस्तान आई थी। उन्होंने पूछा, “किसने उन्हें राजनेताओं की छवि धूमिल करने का अधिकार दिया?” उन्होंने कहा कि रिची उनकी छवि खराब कर रही है क्योंकि उनके दो बेटों ने भुट्टो पर कथित अपमानजनक ट्वीट को लेकर उसके खिलाफ मानहानि का मामला दर्ज कराया है। दो पूर्व मंत्रियों ने हालांकि अब तक आरोप पर कोई जवाब नहीं दिया है।

प्रमुख खबरें

Independence Day 2026: आजादी के जश्न में घोलें देशभक्ति का स्वाद, ट्राई करें ये 3 स्पेशल Tricolour Recipes

सहनशीलता को कमजोरी न समझें...NSA डोभाल की पाकिस्तान को सबसे बड़ी चेतावनी

भारत की सहनशीलता को कमजोरी न समझें, मिलेगा मुंहतोड़ जवाब, Operation Sindoor पर बोले NSA अजीत डोभाल

Colombia Earthquake: भारत ने भेजी 20 Tons Relief की खेप, S Jaishankar बोले- संकट में First Responder है India