By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Jun 27, 2019
बर्मिंघम। बायें हाथ के तेज गेंदबाज शाहीन शाह अफरीदी की घातक गेंदबाजी और बाबर आजम के वनडे में दसवें शतक की मदद से पाकिस्तान ने बुधवार को यहां न्यूजीलैंड के विजय अभियान पर रोक लगाकर छह विकेट से जीत दर्ज की और विश्व कप के सेमीफाइनल में पहुंचने की अपनी उम्मीदों को पंख लगाये। शाहीन ने दस ओवर में 28 रन देकर तीन विकेट लिये और न्यूजीलैंड को छह विकेट पर 237 रन पर रोकने में अहम भूमिका निभायी। पाकिस्तान ने 49.1 ओवर में चार विकेट पर 241 रन बनाकर अपनी तीसरी जीत दर्ज की। उसके अब सात मैचों में सात अंक हो गये हैं। न्यूजीलैंड के सात मैचों में 11 अंक हैं और वह अभी दूसरे स्थान पर बना हुआ है। बाबर ने 38 रन के निजी योग पर जीवनदान मिलने का पूरा फायदा उठाया तथा 127 गेंदों पर नाबाद 101 रन की पारी खेली जिसमें 11 चौके शामिल हैं। दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ जीत के नायक हारिस सोहल ने आखिरी क्षणों में रन आउट होने से पहले 76 गेंदों पर पांच चौकों और दो छक्कों की मदद से 68 रन बनाये। इन दोनों ने चौथे विकेट के लिये 126 रन की साझेदारी की।
इसे भी पढ़ें: भारतीय टीम के खिलाफ खेल सकते हैं चोटिल जेसन रॉय
पाकिस्तान पर हालांकि इसका असर नहीं पड़ा क्योंकि सोहेल ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ दिखायी गयी फार्म को जारी रखा और आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी की। बाबर ने एक बार जीवनदान मिलने के बाद कोई गलती नहीं की। उन्होंने 124 गेंदों पर अपना शतक पूरा किया और अपनी इस पारी के दौरान वनडे में 3000 रन भी पूरे किये। कप्तान सरफराज अहमद (नाबाद पांच) ने विजयी चौका लगाया। इससे पहले पिच गीली होने के कारण खेल एक घंटे बाद शुरू हुआ और नम परिस्थितियों में विलियमसन का टास जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला उल्टा पड़ गया। पाकिस्तानी तेज गेंदबाजों को अच्छा मूवमेंट मिल रहा था और उन्होंने परिस्थितियों का पूरा फायदा उठाकर न्यूजीलैंड का शीर्ष क्रम झकझोर दिया। मोहम्मद आमिर ने अपनी पहली गेंद पर ही मार्टिन गुप्टिल (पांच) को बोल्ड किया। इसके बाद शाहीन ने कहर बरपाया। उन्होंने कोलिन मुनरो (12), रोस टेलर (तीन) और टाम लैथम (एक) को आउट करके स्टेडियम में बड़ी संख्या में मौजूद पाकिस्तानी दर्शकों को मदहोश कर दिया। मुनरो ने अतिरिक्त उछाल वाली गेंद पर कदमों का इस्तेमाल किये बिना शाट खेलने की कोशिश में स्लिप में कैच दिया। टेलर का सरफराज अहमद ने दायीं तरफ डाइव लगाकर एक हाथ से बेहतरीन कैच लपका। लैथम रक्षात्मक शॉट खेलना चाहते थे लेकिन गेंद उनके बल्ले का किनारा लेकर विकेटकीपर के पास पहुंची। पिछले दो मैचों में शतक जड़ने वाले विलियमसन भी दबाव में बड़ी पारी नहीं खेल पाये। शादाब खान की बेहतरीन लेग ब्रेक उनके बल्ले को चूमकर सरफराज के दस्तानों में समा गयी।