पाकिस्तान की नेशनल असेंबली नौ अगस्त को भंग कर दी जाएगी: शहबाज शरीफ

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Aug 04, 2023

इस्लामाबाद। पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने गठबंधन सहयोगियों से कहा कि वह नेशनल असेंबली को उसके कार्यकाल खत्म होने से तीन दिन पहले, नौ अगस्त को भंग करने और आर्थिक बदहाली से जूझ रहे देश में आम चुनाव के लिए तैयारी करने की सिफारिश करेंगे। पाकिस्तानी मीडिया ने शुक्रवार को खबर दी कि प्रधानमंत्री आवास पर सत्तारूढ़ सहयोगियों के लिए आयोजित किए गए रात्रिभोज समारोह में शरीफ ने कहा कि वह राष्ट्रपति को अधिसूचना भेजने की योजना बना रहे हैं और जैसे ही राष्ट्रपति उस पर हस्ताक्षर कर देंगे, नेशनल असेंबली का निचला सदन भंग हो जाएगा।

इसे भी पढ़ें: US-Pak Secret Weapon Pact: क्या पाकिस्तान के साथ अमेरिका करने जा रहा है भारत जैसा रक्षा समझौता, क्यों भारत के लिए है बड़ा झटका?

संविधान के प्रावधान के तहत नेशनल असेंबली का कार्यकाल पूरा होने पर 60 दिन में आम चुनाव कराने होते हैं, लेकिन अगर कार्यकाल पूरा होने से पहले ही असेंबली को भंग कर दिया जाए तो यह अवधि 90 दिन तक बढ़ सकती है। ‘एक्सप्रेस ट्रिब्यून’ अखबार की खबर के अनुसार, प्रधानमंत्री नौ अगस्त को नेशनल असेंबली भंग करने के लिए राष्ट्रपति आरिफ अलवी को अधिसूचना भेजेंगे। रात्रि भोज समारोह में शरीफ ने सहयोगी दलों के नेताओं को बताया कि पार्टी के भीतर विचार-विमर्श को अंतिम रूप दे दिया है और प्रधानमंत्री शुक्रवार को कार्यवाहक ढांचे पर सहयोगियों के साथ अंतिम दौर की चर्चा शुरू करेंगे। शरीफ ने पिछले सप्ताह कार्यवाहक प्रधानमंत्री के रूप में वित्त मंत्री इशाक डार की नियुक्ति की संभावना से इनकार करते हुए कहा था कि आगामी आम चुनावों को पारदर्शी बनाने के लिए अगले महीने अंतरिम सरकार का नेतृत्व करने के लिए एक ‘तटस्थ व्यक्ति’ का चयन किया जाएगा। नीतिगत निर्णय लेने के लिए कार्यवाहक व्यवस्था को सशक्त बनाने वाला एक विधेयक हाल ही में पाकिस्तान की संसद द्वारा पारित किया गया था।

शरीफ ने यह भी संकेत दिया है कि तीन बार के पूर्व प्रधानमंत्री और उनके बड़े भाई नवाज शरीफ (73) अगले कुछ सप्ताह में पाकिस्तान लौट आएंगे। नवाज शरीफ 2019 से लंदन में रह रहे हैं। उन्होंने कहा कि अगर पार्टी चुनाव जीतती है तो पीएमएल-एन अध्यक्ष प्रधानमंत्री बनेंगे। भोज समारोह के दौरान प्रधानमंत्री ने कहा कि अंतरिम प्रधानमंत्री की नियुक्ति की प्रक्रिया में कम से कम तीन दिन लगने की उम्मीद है। कार्यवाहक ढांचे पर सहयोगियों के साथ एक ऑनलाइन बैठक शुक्रवार को भी होने की उम्मीद है।

भोज समारोह में सीनेट के अध्यक्ष सादिक संजरानी, ​​नेशनल असेंबली के अध्यक्ष राजा परवेज अशरफ, पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी (पीपीपी) के नेता यूसुफ रजा गिलानी और मुत्ताहिदा कौमी मूवमेंट (एमक्यूएम) के संयोजक खालिद मकबूल सिद्दीकी ने भाग लिया। नेशनल असेंबली द्वारा इमरान खान के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पारित करने और पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) पार्टी के अध्यक्ष को शीर्ष पद से हटाने के बाद पिछले साल अप्रैल में शहबाज शरीफ प्रधानमंत्री बने थे।

प्रमुख खबरें

IGI Airport पर बैंकॉक से पहुंचे दो यात्रियों से 3.37 करोड़ का गांजा बरामद

Israel Election Results 2026 | इज़राइल में फंसा सत्ता का पेंच! नेतन्याहू का गुट सबसे बड़ा, लेकिन बहुमत से दूर.. 10 नवंबर को नेसेट का शपथ ग्रहण

Bhadohi में आधी रात महिला के घर में घुसा Lucky Gautam, परिजनों को धमकाने पर गिरफ्तार

Israel Election Results | इजरायल में राजनीतिक भूचाल! Benjamin Netanyahu का बहुमत खत्म, अरब पार्टियों पर लगाया चुनावी धांधली का आरोप