Pakistan के Quetta में कोयला खदान में विस्फोट, 32 खनिकों की मौत और 10 फंसे

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Jul 31, 2026

पाकिस्तान के दक्षिण-पश्चिमी हिस्से में एक कोयला खदान में विस्फोट होने से कम से कम 32 खनिकों की मौत हो गई तथा 10 अन्य फंस गए। अधिकारियों का मानना है कि फंसे हुए खनिकों की जान को गंभीर खतरा है और बचावकर्मी उन तक पहुंचने के लिए तेजी से काम कर रहे हैं। सरकारी खान निरीक्षक गनी बलोच ने कहा कि बृहस्पतिवार को हुआ विस्फोट संभवत: मीथेन गैस के कारण हुआ।

बलोच ने कहा कि बचाव अभियान तब तक जारी रहेगा जब तक फंसे हुए हर खनिक का पता नहीं लग जाता। उन्होंने कहा कि अधिकारियों को मृतकों की संख्या और बढ़ने की आशंका है। बलोच ने कहा, ‘‘मीथेन गैस में विस्फोट के बाद किसी के जीवित मिलने की संभावना कम हो जाती है क्योंकि ऑक्सीजन का स्तर शून्य हो जाता है।

बचावकर्मी भी खदान के अंदर बेहद सावधानी से आगे बढ़ रहे हैं।’’ उन्होंने बताया कि अधिकारियों ने शवों को उनके परिवारों को सौंपना शुरू कर दिया है। बलूचिस्तान के खदान एवं खनिज मंत्री शोएब नोशेरवानी ने कहा कि बचाव दल बेहद कठिन परिस्थितियों में काम कर रहे हैं। नोशेरवानी ने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की और कहा कि प्रांतीय सरकार विस्फोट में मारे गए प्रत्येक खनिक के परिवार को पांच-पांच लाख पाकिस्तानी रुपये (लगभग 1,800 अमेरिकी डॉलर) का मुआवजा देगी।

उन्होंने कहा कि प्राधिकारी विस्फोट के कारणों की विस्तृत जांच करेंगे और खदानों में सुरक्षा उपायों की समीक्षा भी की जाएगी। कोयला खनिकों के एक श्रमिक संघ ने कहा कि यह विस्फोट संभवत: लापरवाही के कारण हुआ और उसने इसके लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। पाकिस्तान केंद्रीय खान श्रमिक महासंघ ने एक बयान में सरकार से सुरक्षा नियमों को सख्ती से लागू करने और खदान सुरक्षा कानूनों का उल्लंघन करने वाली कंपनियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने का आग्रह किया।

प्रमुख खबरें

UP Teacher Vacancy: 15,012 पदों पर निकली भर्ती, Assistant Teacher और PGT के लिए OTR जरूरी, जानिए पूरी डिटेल

Pakistan के साथ Mecca Pact Sign कर Saudi Arabia ने बड़ी गलती की, India से संबंध मजबूत किये होते तो आज ये दिन नहीं देखना पड़ता!

Omar Abdullah और Mirwaiz Umar Farooq ने Modi की Foreign Policy की खुलकर तारीफ की, BRICS Summit को सफल बताया

Periods में दर्द और ऐंठन से राहत देगा शतावरी का पानी, सुधरेगी Reproductive Health