पाकिस्तान के मंत्री ने अपने ही देश की उड़ाई खिल्ली, कहा - कश्मीर हार...

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Jan 19, 2020

लाहौर। पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान के विश्वस्त सहयोगी और प्रभावशाली मंत्री ने शनिवार को कहा कि कश्मीर मसले पर पाक ने ‘‘कमजोरी’’ प्रदर्शित की है और अपनी ही सरकार के उस दावे का खंडन किया कि इसने इस मसले का अंतरराष्ट्रीयकरण करने में ‘‘सफलता’’ पायी है। पाकिस्तान सरकार के रेल मंत्री शेख राशिद ने कहा कि सत्तारूढ़ पाकिस्तान तहरीक ए इंसाफ सरकार कश्मीर के लोगों के साथ एकजुटता प्रदर्शित करने के लिए देश में पांच फरवरी तक रैली आयोजित करेगी।

राशिद ने संवाददाताओं को बताया, ‘‘मुझे लगता है कि कश्मीर मसले पर अबतक हमने कमजोरी ही दिखायी है। मैने इस संबंध में कैबिनेट बैठकों में बात की है।’’ मंत्री का यह बयान पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान के उस बयान के कुछ दिन बाद आया है जिसमें उन्होंने कश्मीर के लोगों के प्रति पाकिस्तान के समर्थन को दोहराया था ।

इसे भी पढ़ें: मुशर्रफ के आत्मसमर्पण के बाद ही उच्चतम न्यायालय उनकी अर्जी सुनेगा

खान ने गुरुवार को ट्वीट किया था, ‘‘जम्मू कश्मीर का विवाद निश्चित तौर पर प्रासंगिक सुरक्षा परिषद प्रस्ताव तथा कश्मीरी आवाम की इच्छा के अनुसार सुलझाया जाना चाहिए । कश्मीरी लोगों का हम लगातार नैतिक, राजनीतिक और राजनयिक समर्थन करते रहेंगे....।’’ शुक्रवार को खान ने कश्मीर की स्थिति पर बैठक की अध्यक्षता की थी, इस बैठक में सेना अध्यक्ष जनरल कमर जावेद बाजवा, आईएसआई के महानिदेशक लेफ्टिनेंट जनरल फैयाज हमदी, विदेश सचिव सोहैल महमूदी और सेना तथा सरकार के अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने हिस्सा लिया ।

बैठक में हर साल पांच फरवरी को कश्मीर के लोगों के प्रति एकजुटता प्रदर्शित करने के लिए आयोजित किये जाने वाले कश्मीर दिवस की तैयारियों पर चर्चा हुई । इस साल का कश्मीर दिवस अधिक महत्वपूर्ण है क्योंकि भारत सरकार की ओर से पिछले साल पांच अगस्त को अनुच्छेद 370 के तहत प्राप्त विशेष दर्जा वापस लेने और राज्य को दो केंद्र शाषित क्षेत्रों में बांटने के निर्णय के बाद पहली बार पाकिस्तान में यह दिवस मनाया जाएगा । केंद्र सरकार के इस निर्णय का पाकिस्तान ने कड़ा विरोध किया था जबकि भारत सरकार ने यह कह कर इसका बचाव किया कि विशेष दर्जा से जम्मू कश्मीर में केवल आतंकवाद को ही बढ़ावा मिला है ।

इससे पहले दिसंबर में मंत्री राशिद ने ऐतिहासिक करतारपुर गलियारे के बारे में कहा था कि यह पाकिस्तान सेना अध्यक्ष जनरल बाजवा के दिमाग की उपज है । बड़बोले मंत्री के रूप में प्रसिद्ध राशिद ने कहा था कि यह गलियारा भारत को हमेशा तकलीफ देता रहेगा ।

नये सेनाध्यक्ष ने पाक को चेताया, कहा- हर चुनौती का सामना करने को तैयार

प्रमुख खबरें

England Test Captain Joe Root ने खिलाड़ियों पर से हटाया Night Curfew, कहा- अपनी Responsibility खुद समझें Team Members

India vs Sri Lanka Test: Washington Sundar के बाहर होने से Team India की बढ़ी मुश्किलें, लगा बड़ा झटका

TTFI Suspension: खेल मंत्रालय की बड़ी कार्रवाई, आंतरिक विवादों के कारण Table Tennis Federation की मान्यता निलंबित

World Cup Final में हार और पिता का साया छिनने पर टूटे Lionel Messi, कहा- उनके मैसेज का इंतजार आज भी रहता है