पाक का दोगला चेहरा- पायलट को रिहा करने का ड्रामा, सीमा पर कर रहा भारी गोलाबारी

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Mar 01, 2019

जम्मू। पाकिस्तानी सेना ने जम्मू कश्मीर के पुंछ जिले में नियंत्रण रेखा पर शुक्रवार को भारी गोलाबारी की जिसमें एक महिला घायल हो गई। अधिकारियों ने बताया कि लगातार आठवें दिन पाकिस्तान ने संघर्ष विराम का उल्लंघन किया। सेना के एक अधिकारी ने कहा, ‘‘पाकिस्तानी सेना ने पुंछ जिले के कृष्णा घाटी सेक्टर में नियंत्रण रेखा पर गोलीबारी की और मोर्टार दागे तथा यह करीब डेढ़ बजे खत्म हुआ।’’ उन्होंने बताया कि पुंछ और राजौरी जिले के कई सेक्टरों में रात भर गोलीबारी हुई और मोर्टार दागे गए। अधिकारी ने कहा, ‘‘भारतीय सेना ने कड़ा और प्रभावी जवाब दिया।’’

इसे भी पढ़ें: अपने बयान से पलटा पाक, कहा- सिर्फ एक ही भारतीय पायलट को गिरफ्तार किया गया

अधिकारियों ने बताया कि पुंछ के मनकोट इलाके में गोलीबारी में नसीम अख्तर नाम की महिला घायल हो गई। उन्होंने बताया कि पाकिस्तानी सैनिकों ने पुंछ जिले में रिहायशी इलाकों में गोलाबारी में होवित्जर 105 एमएम समेत भारी बंदूकों का इस्तेमाल किया। पाकिस्तानी सेना ने बृहस्पतिवार को जम्मू कश्मीर के पुंछ और राजौरी जिलों में नियंत्रण रेखा पर छह सेक्टरों में आबादी वाले और सीमावर्ती चौकियों पर भारी गोलाबारी की थी जिसमें एक महिला की मौत हो गई और एक जवान घायल हो गया।

इसे भी पढ़ें: भारत के दो विमानों को मार गिरानें के पाक के दावे खोखले- भारत

भारतीय सेना ने भी इसका मुंहतोड़ जवाब दिया था। पाकिस्तानी सेना ने पिछले एक सप्ताह में 60 से ज्यादा बार संघर्ष विराम का उल्लंघन किया। पाकिस्तानी सेना ने जम्मू कश्मीर में पुंछ, राजौरी, जम्मू और बारामूला जिलों में 70 असैन्य और सीमावर्ती इलाकों को निशाना बनाया जिसमें एक महिला की मौत हो गई और नौ लोग घायल हो गए। मौजूदा स्थिति के मद्देनजर अधिकारियों ने राजौरी और पुंछ जिलों में नियंत्रण रेखा पर पांच किलोमीटर के दायरे में शैक्षिक संस्थानों को अस्थायी तौर पर बंद करने का आदेश दिया है। उन्होंने सीमा पर रहने वाले सभी निवासियों से अपने घरों के भीतर रहने के लिए कहा है।

प्रमुख खबरें

मतदान प्रतिशत बढ़ने पर Mamata ने जताई चिंता, EVM की प्रामाणिकता पर सवाल उठाए

Odisha के मुख्यमंत्री पटनायक ने चुनावी हलफनामे में 71 करोड़ रुपये की संपत्ति घोषित की

Jindal Stainless क्षमता बढ़ाकर 42 लाख टन करने के लिए 5,400 करोड़ रुपये का निवेश करेगी

विपक्षी दलों ने पहले, दूसरे चरण के मतदान के अंतिम आंकड़े जारी करने में देरी पर सवाल उठाया