सदाकत आश्रम में NSUI कार्यकर्ताओं और पत्रकारों के बीच झड़प, मीडिया ने किया प्रेस कॉन्फ्रेंस का बहिष्कार

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 18, 2026

कांग्रेस की छात्र इकाई नेशनल स्टूडेंट्स यूनियन ऑफ इंडिया (एनएसयूआई) के कार्यकर्ताओं ने बुधवार को पार्टी के प्रदेश मुख्यालय में संवाददाता सम्मेलन के दौरान पत्रकारों के साथ कथित तौर पर मारपीट की। पत्रकार, फोटोग्राफर और कैमरामैन संवाददाता सम्मेलन में शामिल होने के लिए ऐतिहासिक सदाकत आश्रम पहुंचे थे। इस संवाददाता सम्मेलन को एनएसयूआई के प्रभारी और अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) के नेता कन्हैया कुमार समेत विभिन्न लोग संबोधित करने वाले थे।

हालांकि, पत्रकारों को जब पता चला कि कुमार शहर में मौजूद नहीं हैं, तो वे नाराज हो गए। पत्रकारों ने आरोप लगाया कि संवाददाता सम्मेलन में अधिक संख्या में मीडिया कर्मियों की उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए उन्हें गुमराह किया गया और स्थानीय एनएसयूआई पदाधिकारियों के कार्यक्रम में कन्हैया कुमार के आने की गलत सूचना दी गई। वहीं, कांग्रेस की प्रदेश इकाई ने इस आरोप से इनकार करते हुए कहा कि सुबह जारी किए गए आमंत्रण में कन्हैया कुमार का नाम शामिल था, लेकिन संवाददाता सम्मेलन शुरू होने से करीब आधे घंटे पहले जारी संशोधित सूचना में स्पष्ट कर दिया गया था कि वह कार्यक्रम में उपस्थित नहीं होंगे।

इसके कुछ ही देर बाद कुर्सी को लेकर विवाद शुरू हो गया। इस दौरान एनएसयूआई के एक कार्यकर्ता और फोटो पत्रकार के बीच हाथापाई हो गई, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच झड़प हुई। एनएसयूआई के कुछ पदाधिकारियों ने नाराज पत्रकारों को शांत कराने की कोशिश की, लेकिन पत्रकार अपनी मांग पर अड़े रहे।

उन्होंने पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारियों से सार्वजनिक रूप से माफी की मांग की और संवाददाता सम्मेलन का बहिष्कार कर दिया। इस झड़प में किसी को गंभीर चोट नहीं आई। फिलहाल, किसी भी पक्ष की ओर से पुलिस के समक्ष शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है।

प्रमुख खबरें

Gorakhpur में काशी की तरह BJP का आएगा डबल जीरो, अखिलेश यादव का दावा

शी चिनफिंग और पुतिन से मिलने चीन पहुंचे Donald Trump, घरेलू तकनीकी बाधाओं से बढ़ी चिंता

Videocon लोन केस में चंदा कोचर को राहत, Bombay High Court ने रद्द की केस चलाने की मंजूरी

प्रदर्शनों से कारोबार प्रभावित, व्यापारियों की अर्जी पर सुप्रीम कोर्ट का CJP, कांग्रेस, AAP-AISA को नोटिस