फडणवीस के दावों पर पवार ने कहा : सत्ता के प्रति भाजपा की लालसा को उजागर करने के लिए कुछ चीजें की गईं

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Jun 30, 2023

राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के प्रमुख शरद पवार ने बृहस्पतिवार को कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और सत्ता के प्रति उसकी लालसा को उजागर करने के लिए 2019 के महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के बाद कुछ चीजें की गईं। राकांपा प्रमुख भाजपा नेता देवेन्द्र फडणवीस के इस दावे के बारे में संवाददाताओं के सवालों का जवाब दे रहे थे कि पवार 2019 में भाजपा के साथ सरकार बनाने के लिए सहमत हो गए थे लेकिन आखिरी क्षण में वह पीछे हट गए। पवार के ताजा बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए फडणवीस ने कहा कि उन्हें प्रसन्नता है कि राकांपा प्रमुख ने अंतत: सच्चाई स्वीकार कर ली , और आगे इस तरह के और भी खुलासे होंगे। पवार ने यहां कहा कि यह सच है कि भाजपा नेताओं ने राकांपा नेतृत्व से मुलाकात की थी और कई विषयों पर चर्चा की थी।

पवार ने कहा कि अनावश्यक बयानबाजी के बदले, फडणवीस को राज्य में महिला सुरक्षा सुनिश्चित करने पर ध्यान देना चाहिए। उपमुख्यमंत्री फडणवीस राज्य के गृह मंत्री भी हैं। उन्होंने हाल ही में एक टेलीविजन चैनल को दिए साक्षात्कार में दावा किया था कि पवार 2019 में भाजपा के साथ सरकार बनाने के लिए सहमत हुए थे लेकिन फिर तीन-चार दिनों के बाद वह पीछे हट गए। फडणवीस ने बृहस्पतिवार को संवाददाताओं से कहा कि उन्हें बहुत खुशी है कि आखिरकार पवार को सच बताना पड़ा। उन्होंने कहा, मुझे लगता है कि मेरी गुगली के कारण सच सामने आ गया है, लेकिन यह सिर्फ आंशिक सच है। मैं सच का शेष हिस्सा भी सामने लाऊंगा। उन्होंने कहा कि पवार के अपने भतीजे अजित पवार 2019 में राकांपा प्रमुख के कदमों के कारण क्लीन बोल्ड हो गए।

प्रमुख खबरें

UP Assembly Elections 2027: भाजपा लगाएगी जीत की हैट्रिक, नितिन नवीन का दावा

Sri Lanka: Easter Attack मामले में 15 दोषियों को 220-220 साल की बामशक्कत कैद

Purvanchal के जिलों में विकास के लिए World Bank संग शुरू होगी 2500 करोड़ की UP EDGE परियोजना

Allahabad High Court: कर्मचारियों को Santa Claus की टोपी पहनने के लिए बाध्य करना गलत