By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Aug 28, 2026
जेल में बंद पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान के बेटों के मेजबान प्रसारक स्काई स्पोर्ट्स पर साक्षात्कार से नाराज पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) ने लॉर्ड्स में इंग्लैंड के खिलाफ दूसरे टेस्ट के पहले दिन लंच के बाद अपने खिलाड़ियों को मैदान पर न भेजने पर विचार किया था, लेकिन आखिर में उसने शिकायत दर्ज कराने पर सहमति जताई। पीसीबी से संपर्क करने पर उसने इस मामले पर टिप्पणी करने से इनकार कर दिया, लेकिन घटनाक्रम से अवगत सूत्रों ने बताया कि इस मामले को लेकर स्काई स्पोर्ट्स को औपचारिक शिकायत भेजी गई है। इंग्लैंड के पूर्व कप्तान माइक एथर्टन ने इमरान के बेटों कासिम और सुलेमान का 18 मिनट का इंटरव्यू किया था।
यहां तक कि उसने स्काई द्वारा प्रसारण जारी रखने की स्थिति में विरोध स्वरूप लंच के बाद अपने खिलाड़ियों को मैदान में नहीं भेजने पर भी विचार किया था। पाकिस्तान की टीम हालांकि निर्धारित समय पर मैदान पर उतरी। इंग्लैंड ने इस मैच के पहले दिन नौ विकेट पर 248 रन बनाए।