By अनुराग गुप्ता | Oct 09, 2021
इंफाल। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा दो दिवसीय मणिपुर दौरे पर हैं। इस दौरान उन्होंने राजधानी इंफाल में एक जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि मेरा यह सौभाग्य है कि मुझे मणिपुर में आप सबसे दर्शन करने का मौका मिला है। यह भूमि जो पूज्य भूमि है, धर्म की भूमि है, जहां भगवान गोविंदा जी, महाबलि जी और राधा श्याम जी का मंदिर हो, ऐसी भूमि को मैं नमन करता हूं।
उन्होंने कहा कि यह वीरभूमि भी है। यहां के योद्धाओं ने समय-समय पर इस क्षेत्र की रक्षा के लिए और भारत में आजादी की लड़ाई में विशेष योगदान दिया है। भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि मणिपुर भाजपा के नेतृत्व में एन बीरेन सिंह जी के नेतृत्व में मुख्यधारा की ओर चल पड़ा है। वहीं जेपी नड्डा ने अपने भव्य स्वागत को चुनाव का आगाज बताया। उन्होंने कहा कि पिछला चुनाव याद करना लोगों को जरूरत की चीज नहीं मिलती थी।
उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार, कमीशन, अपराधीकरण हमारे यहां सरकार बनाने से पहले मणिपुर में रोजाना होता था। अपहरण के मामले पुलिस थानों के बाहर सुलझाए जाते थे, जमीनी स्तर पर यही स्थिति थी। मुझे खुशी है कि एन बीरेन सिंह जी के नेतृत्व में कई क्षेत्रों में बदलाव आया है। जेपी नड्डा ने कहा कि मणिपुर में शांति इसलिए आई है क्योंकि आप लोगों ने भाजपा का बटन दबाया था।2.6 लाख शौचालयों का हुआ निर्माण
भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए मणिपुर में ही 2.6 लाख शौचालय बनाए गए हैं। जन धन योजना के तहत मणिपुर में 10 लाख महिला खाताधारकों को कोरोना के दौरान सीधे उनके खातों में सहायता मिली। वहीं उन्होंने गैस कनेक्शन का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि मणिपुर को 1.56 लाख एलपीजी गैस कनेक्शन मुफ्त दिए गए हैं। इन सभी उपायों ने महिलाओं को और अधिक सशक्त बनाया है।