बिना इंटरनेट फीचर फोन से भुगतान के लिए फोनपे ने शुरू की यूपीआई 123पे सेवा

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Aug 31, 2026

डिजिटल भुगतान कंपनी फोनपे ने सोमवार को ‘फोनपे यूपीआई 123पे’ सेवा शुरू करने की घोषणा की, जिसके जरिये फीचर फोन उपयोगकर्ता भी इंटरनेट कनेक्शन के बगैर यूपीआई से भुगतान कर सकेंगे। कंपनी ने दावा किया कि इस सेवा के साथ वह फीचर फोन उपयोगकर्ताओं को यूपीआई भुगतान की सुविधा देने वाली पहली प्रमुख टीपीएपी कंपनी बन गई है। इस समय देश में 20 करोड़ से अधिक फीचर फोन उपयोगकर्ता होने का अनुमान है।

इस सेवा के जरिये उपयोगकर्ता एक व्यक्ति से दूसरे व्यक्ति (पी2पी) और व्यक्ति से व्यापारी (पी2एम) को भुगतान कर सकेंगे। कैमरे वाले फीचर फोन में क्यूआर कोड को स्कैन करने की सुविधा भी होगी। इसके अलावा उपयोगकर्ता खाते का प्रबंधन, शेष राशि की जांच और लेनदेन का इतिहास भी देख सकेंगे।

पहली बार सेवा का इस्तेमाल करने वाले उपयोगकर्ताओं की सहायता के लिए कंपनी ने आवाज-आधारित कृत्रिम मेधा (एआई) हेल्पलाइन भी शुरू की है। इससे अंग्रेजी और 12 भारतीय भाषाओं में जरूरी जानकारी मुहैया कराई जाएगी। फोनपे ने कहा कि आगे के अपडेट में बिजली-पानी आदि के बिल भुगतान, रिचार्ज और आधार आधारित सेवा शुरू करने जैसी अतिरिक्त सुविधाएं भी जोड़ी जाएंगी।

जुलाई, 2026 तक फोनपे के पंजीकृत उपयोगकर्ताओं की संख्या 71.5 करोड़ से अधिक थी, जबकि उसके व्यापारी नेटवर्क में पांच करोड़ से अधिक भागीदार थे।

प्रमुख खबरें

Sri Lanka Supreme Court Bench: जजों के कार्यकाल विस्तार पर छिड़ा विवाद, 22nd Amendment की वैधता पर आएगा बड़ा फैसला

Pimple Free Skin के लिए आजमाएं ये Home Remedy, नीम और Multani Mitti फेस पैक बदल देंगे चेहरे का लुक

पूर्वोत्तर राज्यों के साथ सीमा विवाद में असम के 200 से अधिक लोगों ने गंवाई जान

West Bengal Government का बड़ा फैसला, अब हफ्ते में दो बार लगेगा Janata Darbar, शिकायतों का होगा Instant Solution