सामाजिक दुकान में शारीरिक दूरी (व्यंग्य)

By संतोष उत्सुक | Dec 11, 2020

विदेश से लौटा तो हवाई अड्डे पर, मेज़ के उस पार साथ सटे तीन शरीर चीख रहे थे, स्टैम्प लगवाने के लिए लाइन में आओ। इधर दो दर्जन शरीर उलझते हुए एक दूसरे से पहले स्टैम्प लगवाना चाहते थे। दाएं तरफ एक युवा शरीर पूछ रहा था यहां बॉस कौन है। पता नहीं किस तरफ से मधुर आवाज़ सुझाव दे रही थी, कृपया सोशल डिसटेंसिंग का पालन करें। बंद थी, तो पालन करने और करवाने वालों की दुकान। सैंकड़ों शरीर जिनमें महत्वपूर्ण व्यक्तित्वों के श्रेष्ठ तन भी शामिल हैं सुन्दर, महंगे डिज़ाइनर मास्क लगाकर कभी सिर्फ लटकाकर निरंतर सुझा रहे हैं, सामाजिक दूरी बनाए रखें। यह वाक़्य आज का श्रेष्ठ प्रवचन है। यह विकास की फ़जीहत या वक़्त की नज़ाकत है कि समझाने वालों को समझ न आया कि शुद्ध सामाजिक दूरियां, हम बरसों से बनाए नहीं, बर्फ की तरह जमाए हुए हैं।

इसे भी पढ़ें: विश्वास की दुकान पर (व्यंग्य)

अगर यह बात समझने की ज़हमत उठा ली जाए तो पल्ले पड़ सकता है कि शारीरिक नज़दीकी और सामाजिक दूरी रखने के कारण इंसान ने इंसानियत का कितना नुकसान किया है। शारीरिक दूरी कम होती गई और सामाजिक दूरी घटी नहीं। हमें यह पता चलना बंद हो गया कि पडोस में कौन रहता है। दिमाग संचार के साधन खोजता गया और संवाद घटता गया। एक कमरे में बैठे चार बंदे, आठ दिशाएं हो गए। अब फिर दिन रात दोहराया और फ़रमाया जा रहा है कि दो गज की सामाजिक दूरी रखो। वैसे, दो गज बहुत ज्यादा फासला होता है। कुछ लोगों ने अपनी बुद्धि की टांग फंसाकर कहा कि सामाजिक दूरी कम करने की बहुत ज़रूरत है लेकिन इस दुनिया को निरंतर बेहतर बनाने वाले ‘बुद्धिजीवियों’ ने नहीं माना और इस दूरी को बरकरार रखा। यही बात समझ में आई कि जब तक कोई बंदा बात सुनना न चाहे बात कहने की ज़रूरत नहीं। सच है किसी को कोई बात, वही अच्छी तरह से समझा सकता है जिसे वह बात ठीक से समझ न आई हो। ‘सोशल डिसटेंसिंग- वर्डस ऑफ़ कोरोना ईरा’ माने जा सकते हैं। 

- संतोष उत्सुक

प्रमुख खबरें

Nepal में जल प्रलय! बाढ़ में 1000 लोग लापता होने की आशंका, 8 की मौत, बचाव अभियान जारी

Rohingya Refugees ने म्यांमा सुरक्षित वापसी की उठाई मांग, Bangladesh में निकाली रैली

दिल्ली में शुरू हुई लक्ष्मी योजना, महिलाओं के मिले 2,500, CM Rekha Gupta ने कही यह बड़ी बात

Lok Sabha Secretariat ने TMC के 20 बागी सांसदों को अयोग्यता याचिका पर भेजा नोटिस